उत्तराखंड में मुख्यमंत्री धामी की आज होगी कैबिनेट की बैठक, कैबिनेट में मानदेय वृद्धि समेत इन प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर……..

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार, 27 नवंबर को राज्य मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। बैठक में प्रदेश सरकार की ओर से हाल ही में की गई कई घोषणाओं को धरातल पर उतारने से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है। इनमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं, भोजनमाताओं और अतिथि शिक्षकों के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव प्रमुख रूप से शामिल हैं।

राज्य सरकार ने एक दिसंबर 2026 से इन विभिन्न श्रेणियों के कार्मिकों के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की है। ऐसे में कैबिनेट की बैठक में इस घोषणा को लागू करने से संबंधित प्रस्तावों को मंजूरी मिल सकती है। इससे लंबे समय से मानदेय वृद्धि की उम्मीद कर रहे हजारों कार्मिकों को राहत मिलने की संभावना है।

बैठक में ‘बैणी-भुली’ योजना को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय हो सकता है। इस योजना के तहत राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी पांच लाख से अधिक महिलाओं को दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की गई है। पहली किस्त दिसंबर 2026 में जारी किए जाने की बात कही गई है। कैबिनेट में योजना के क्रियान्वयन, प्रोत्साहन राशि के वितरण और इससे संबंधित अन्य व्यवस्थाओं के प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है।

बिजली बिलों के सरचार्ज से मिल सकती है राहत
कैबिनेट बैठक में छोटे किसानों और आम बिजली उपभोक्ताओं को भी राहत देने से संबंधित प्रस्ताव पर विचार हो सकता है। इसके तहत बिजली बिलों के विलंबित भुगतान पर लगने वाले सरचार्ज को माफ करने का निर्णय लिया जा सकता है। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो इससे बिजली बिलों का भुगतान करने में विलंब कर चुके उपभोक्ताओं और छोटे किसानों को आर्थिक राहत मिल सकती है।

इसके अलावा राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर घोषित अन्य योजनाओं को आगे बढ़ाने से जुड़े प्रस्ताव भी बैठक में चर्चा के लिए आ सकते हैं। इनमें राजस्व गांवों को पावर ग्रिड से जोड़ने, प्रत्येक जिले में दो-दो आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने और ‘अपुणि सरकार’ पोर्टल के माध्यम से सरकारी सेवाओं को घर बैठे और अधिक सुगम बनाने की पहल शामिल है।

शुक्रवार को होने वाली कैबिनेट बैठक में इन प्रस्तावों पर सरकार का रुख स्पष्ट होने की उम्मीद है। हालांकि, संबंधित घोषणाओं के क्रियान्वयन और प्रस्तावों को अंतिम मंजूरी मिलने का निर्णय कैबिनेट की बैठक के बाद ही स्पष्ट होगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *