उत्तराखंड में गढ़वाल विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान शुरू, परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम………..

श्रीनगर गढ़वाल: गढ़वाल विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के लिए बिड़ला परिसर में मतदान प्रक्रिया शुक्रवार सुबह आठ बजे से शुरू हो गई। मतदान दोपहर दो बजे तक चलेगा। मतदान को लेकर छात्रों में खासा उत्साह नजर आ रहा है। बिड़ला परिसर में मतदान केंद्रों के बाहर छात्रों की लंबी कतारें लगी हैं।

बिड़ला परिसर गेट पर सुबह से ही छात्रों का हुजूम उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में छात्र अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए पहुंच रहे हैं। इस दौरान व्यवस्था को लेकर प्रशासन और छात्रों के बीच हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली।

मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं। 14 बूथों पर छह पदों के लिए हो रहा मतदान। दोपहर दो बजे बाद होगी मतों की गणना, देर सांय घोषित किए जाएंगे परिणाम।

बीजीआर परिसर पौड़ी
गढ़वाल विश्वविद्यालय के बीजीआर परिसर पौड़ी में छात्रसंघ चुनाव में सुबह 8:30बजे से शुरु हुआ मतदान। जिसकी शुरुआत धीमी है। यहां अध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष पद पर छह प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। जिनके भाग्य का फैसला 800 से अधिक मतदाता तय करेंगे। पांच बूथों पर मतदान जारी है। दोपहर 12:30 बजे तक मतदान होगा। मतगणना दोपहर 1:30बजे शुरु होगी। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. पीयूष सिन्हा व उनकी टीम लगातार निगरानी कर रहे हैं। सीओ कोटद्वार अस्मिता ममगाईं की निगरानी में सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद नजर आ रही है।

बीजीआर परिसर पौड़ी में छात्रसंघ अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई से आयुष थपलियाल व एबीवीपी से अनीषा के बीच सीधा मुकाबला है। सचिव पद पर एनएसयूआई ने ऋषभ कुमार और आर्यन छात्र संगठन ने करन कुमार को चुनाव मैदान में उतारा है। कोषाध्यक्ष पद एनएसयूआई की प्रत्याशी अमीषा नेगी व एबीवीपी की प्रत्याशी सृष्टि रावत मैदान में है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *