उत्तराखंड में चंदन सिंह जीना के घर ED की छापेमारी, 32 लाख नकद और सोना बरामद……
देहरादून: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की VPDO परीक्षा-2016 में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। ED के देहरादून सब-जोनल कार्यालय की टीम ने 10 सितंबर को देहरादून में कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के पूर्व OSD एवं PA रहे चंदन सिंह जीना के आवास से करीब 32 लाख रुपये की बेहिसाबी नकदी, लगभग 200.5 ग्राम सोने के सिक्के और चेन बरामद होने की बात सामने आई है। इसके अलावा 12 लग्जरी घड़ियां भी बरामद की गई हैं।
ED के मुताबिक कार्रवाई UKSSSC की VPDO परीक्षा में कथित बड़े पैमाने पर हुई अनियमितताओं से जुड़े मामले में की गई। मामला देहरादून के थाना विजिलेंस में दर्ज FIR और उससे संबंधित तीन अन्य FIR पर आधारित है।
ED ने तत्कालीन UKSSSC अध्यक्ष-सचिव, तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक, OMR शीट की प्रोसेसिंग से जुड़ी निजी कंप्यूटर एजेंसी के मालिक तथा कथित बिचौलियों के ठिकानों पर भी तलाशी ली। जांच के दौरान 2014 से 2017 तक तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत के कार्यकाल में OSD और PA रहे चंदन सिंह जीना के आवास को भी तलाशी के दायरे में शामिल किया गया।
ED की कार्रवाई के बाद मामले में कथित अनियमितताओं और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन को लेकर जांच और तेज होने की संभावना है

