उत्तराखंड में आज डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने ली राज्यपाल पद की शपथ……..
देहरादून: उत्तराखंड के नवनियुक्त राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने सोमवार को लोक भवन में राज्यपाल पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी ने उन्हें शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह सुबह 11 बजे आयोजित किया गया।
शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की ओर से जारी नियुक्ति पत्र पढ़कर सुनाया गया। नियुक्ति पत्र के वाचन के बाद डॉ. बिसेन ने राज्यपाल पद की शपथ ली। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
डॉ. ढाल सिंह बिसेन रविवार शाम को ही देहरादून पहुंच गए थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 12 अक्टूबर को छह राज्यों के साथ उत्तराखंड में भी नए राज्यपाल की नियुक्ति की थी। मध्य प्रदेश निवासी डॉ. बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। उनके शपथ ग्रहण के साथ ही उत्तराखंड में राज्यपाल के रूप में उनकी नई जिम्मेदारी की औपचारिक शुरुआत हो गई।

