उत्तराखंड में ₹2,708 करोड़ की सड़क परियोजनाओं को जल्द मंजूरी देने पर सहमति………

नई दिल्ली: उत्तराखंड में ग्रामीण सड़क संपर्क मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY-IV) के तहत ₹2,708 करोड़ की परियोजनाओं को जल्द मंजूरी देने पर सहमति बनी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर सड़क एवं सेतु निर्माण प्रस्तावों पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य ने 1,777 किलोमीटर लंबाई की 315 सड़कों के निर्माण के लिए ₹2,526 करोड़ और 32 पुलों के लिए ₹182 करोड़ के प्रस्ताव केंद्र को भेजे हैं। इन परियोजनाओं के जरिए 610 बसावटों को सड़क संपर्क से जोड़ने का लक्ष्य है।

बैठक में 1,360 किलोमीटर लंबाई की 213 अतिरिक्त सड़क परियोजनाओं पर भी चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री ने इन प्रस्तावों पर शीघ्र स्वीकृति के लिए विचार करने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इससे किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने और ग्रामीणों को आजीविका के नए अवसर हासिल करने में मदद मिलेगी।

धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार जताते हुए कहा कि केंद्र के सहयोग से राज्य में ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *