उत्तराखंड की दुर्गम पहाड़ियों पर दिखेगा रफ्तार का रोमांच, 19 नवंबर से शुरू होगा ‘अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026’……

देहरादून: मध्य हिमालयी राज्य उत्तराखंड की दुर्गम पहाड़ियों, घुमावदार सड़कों और खूबसूरत वादियों में अब फिर से साइकिलों की रफ्तार और रोमांच का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (यूटीडीबी) के तत्वावधान में होने वाली पांचवीं ‘अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026’ का फाइनल कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।

19 से 26 नवंबर तक होने वाली इस स्पर्धा में साइकिलिस्ट मुक्तेश्वर से मसूरी तक 10 जिलों में 658 किलोमीटर का चुनौतीपूर्ण सफर छह चरणों में पूरा करेंगे।

एमटीबी चैलेंज के तहत 19 नवंबर को मुक्तेश्वर स्थित एक रिसार्ट में कर्टेन रेजर समारोह होगा। अगले दिन 20 नवंबर को सुबह 7.45 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुक्तेश्वर से इस रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। प्रतियोगिता के पहले चरण में साइकिलिस्ट 133 किलोमीटर की दूरी तय कर पिथौरागढ़ पहुंचेंगे।

दूसरे दिन पिथौरागढ़ से बागेश्वर तक 124 किलोमीटर और तीसरे दिन बागेश्वर से तिलवाड़ा तक 145 किलोमीटर की रेस होगी। 23 नवंबर को प्रतिभागियों के लिए विश्राम दिवस तय किया गया है।

इसके बाद 24 नवंबर को तिलवाड़ा से टिहरी (कोटी कॉलोनी) तक 108 किलोमीटर, 25 नवंबर को टिहरी से चिन्यालीसौड़ तक 73 किलोमीटर और अंतिम दिन 26 नवंबर को चिन्यालीसौड़ से मसूरी तक 75 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण रेस होगी। मसूरी स्थित जीएमवीएन के गढ़वाल टेरेस में आयोजित समारोह में प्रतियोगिता का समापन होगा।

पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल के अनुसार एमटीबी चैलेंज में 100 प्रतिभागी शामिल होंगे। इस प्रतियोगिता में साइक्लिंग फेडरेशन आफ इंडिया (सीएफआइ) तकनीकी सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से उत्तराखंड के प्राकृतिक सौंदर्य, साहसिक पर्यटन और पर्वतीय खेलों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का अवसर मिलेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *