मणिपुर में उग्रवादियों के हमले में उत्तराखंड के दो वीर जवान शहीद………

देहरादून: मणिपुर के उखरुल जिले में उग्रवादियों द्वारा किए गए घातक हमले में असम राइफल्स के दो वीर जवान शहीद हो गए। शहीदों में अल्मोड़ा निवासी वारंट अधिकारी बलवंत सिंह और पौड़ी गढ़वाल निवासी हवलदार चंद्र मोहन सिंह शामिल हैं। हमले में कई अन्य जवानों के घायल होने की भी सूचना है।

यह हमला सुरक्षा बलों के नियमित ऑपरेशनल मूवमेंट के दौरान किया गया, जिसके बाद पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई।

काफिले पर घात लगाकर की गई फायरिंग
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे उखरुल जिले के मुंगशांग खोंग क्षेत्र में संदिग्ध उग्रवादियों ने असम राइफल्स के काफिले पर अचानक गोलियां बरसा दीं। सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की, लेकिन इस हमले में दो जवानों ने कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया।

असम राइफल्स ने शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि
हमले के बाद असम राइफल्स ने आधिकारिक बयान जारी कर दोनों शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

असम राइफल्स के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल विकास लखेड़ा ने कहा कि वारंट अधिकारी बलवंत सिंह और हवलदार चंद्र मोहन सिंह ने राष्ट्र की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में असम राइफल्स शहीदों के परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।

तीन जुलाई को ही ड्यूटी पर लौटे थे हवलदार चंद्र मोहन सिंह।
शहीद हवलदार चंद्र मोहन सिंह पौड़ी गढ़वाल जिले के नैनीडांडा ब्लॉक के डांडातोली गांव के निवासी थे। वर्तमान में उनका परिवार गाजियाबाद में रह रहा है।

उनके परिवार में पत्नी मंजू देवी, एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं। उनके पिता स्वर्गीय गोविंद सिंह का 2 मई को निधन हुआ था। पारिवारिक क्रियाकर्म पूरा करने के बाद चंद्र मोहन सिंह 3 जुलाई को ही ड्यूटी पर लौटे थे।

उनके शहीद होने की खबर मिलते ही डांडातोली गांव सहित पूरे नैनीडांडा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

भारतीय सेना और पूर्वी कमान ने जताया शोक
भारतीय सेना की पूर्वी कमान के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल वीएमबी कृष्णन सहित सभी अधिकारियों और जवानों ने दोनों शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *