उत्तराखंड के भवाली-नैनीताल रोड पर पाइंस क्षेत्र में चट्टान से गिरे बोल्डर, बाल-बाल बचे वाहन सवार………

नैनीताल: शहर में बारिश के दौरान भवाली-नैनीताल रोड पर पाइंस क्षेत्र में चट्टान दरक गई। जिससे मलबा व बोल्डर सड़क पर आ गए। गनीमत रही कि कोई वाहन बोल्डरों की चपेट में नहीं आया। अलबत्ता सड़क पर यातायात बाधित हो गया। सड़क के ठीक ऊपर खड़ी चट्टान आवाजाही करने वालों के लिए खतरा बनी हुई है।

जानकारी के मुताबिक शनिवार दोपहर भवाली नैनीताल मार्ग में सामान्यत: यातायात चल रहा था। वर्षा के दौरान पाइंस क्षेत्र में पहाड़ी दरक गई। जिससे भारी मलबा व बोल्डर सड़क पर आ गए। इस बीच आवाजाही कर रहे वाहन भी बाल-बाल बचे।

बोल्डरों से पटने के चलते सड़क पर यातायात बाधित हो गया। जिससे वाहनों की लंबी कतार लगी रही। सूचना के बाद लोनिवि कर्मियों ने बुलडोजर की मदद से बोल्डर व मलबे को हटाकर यातायात सुचारू करवाया।

खतरे का सबब बनी हुई है चट्टान, अक्सर गिरते है बोल्डर
पाइंस क्षेत्र में जिस पहाड़ी पर भूस्खलन हुआ वह चार वर्ष पूर्व बुरी तरह दरक गई थी। जिससे सड़क पर लंबे समय तक यातायात भी बाधित रहा।

लोनिवि ने पहाड़ी काटकर सड़क तो बना दी, लेकिन सड़क की ओर झुका पहाड़ी का हिस्सा आवाजाही करने वालों के लिए खतरा बना हुआ है।

हल्की वर्षा में ही पहाड़ी से पत्थर टूट कर सड़क पर आ जाते है। जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *