अजब-गजब: NEET Re-Exam के लिए छात्र को मिला अबू धाबी का एग्जाम सेंटर। परिवार के उड़े होश………

नागपुर: NEET UG Re-Exam 2026 से पहले एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। महाराष्ट्र के नागपुर निवासी एक छात्र को जारी किए गए एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र भारत के बजाय संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अबू धाबी में आवंटित कर दिया गया। मामला सामने आने के बाद छात्र और उसके परिवार के होश उड़ गए। घटना ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

21 जून को होना है NEET UG री-एग्जाम
देशभर में 21 जून को NEET UG Re-Exam आयोजित किया जाना है। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड जारी किए जा चुके हैं। इसी दौरान नागपुर के छात्र अब्दुल्ला मोहम्मद तालिब के एडमिट कार्ड में बड़ी गड़बड़ी सामने आई।

जब छात्र ने अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड किया तो उसमें परीक्षा केंद्र के रूप में अबू धाबी इंडियन स्कूल, अबू धाबी (UAE) का नाम दर्ज था। जबकि छात्र ने परीक्षा केंद्र के लिए भारत के भीतर ही विकल्प भरे थे।

पिता बोले- एडमिट कार्ड देखते ही रह गए हैरान
मामले को लेकर छात्र के पिता मोहम्मद तालिब ने मीडिया से बातचीत में बताया कि शुक्रवार शाम करीब 4 बजे एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद उन्हें पता चला कि परीक्षा केंद्र अबू धाबी में आवंटित किया गया है।

उन्होंने कहा कि परिवार इस बात से पूरी तरह स्तब्ध रह गया क्योंकि आवेदन के दौरान विदेश का कोई केंद्र नहीं चुना गया था। उन्होंने बताया कि तत्काल NTA हेल्पलाइन पर संपर्क किया गया और ईमेल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई गई।

बेटा सदमे में है, उसके पास पासपोर्ट तक नहीं”
छात्र के पिता के अनुसार, उनके बेटे ने परीक्षा केंद्र के लिए तीन जिलों के विकल्प दिए थे, लेकिन अचानक अबू धाबी का सेंटर मिलने से वह मानसिक रूप से परेशान हो गया।

उन्होंने कहा कि उनके बेटे के पास पासपोर्ट तक नहीं है, ऐसे में विदेश जाकर परीक्षा देना संभव ही नहीं है। एडमिट कार्ड देखने के बाद छात्र काफी परेशान हो गया और परीक्षा देने से भी इंकार करने लगा था। परिवार ने NTA से नागपुर या नजदीकी केंद्र आवंटित करने की मांग की है।

NTA ने मानी तकनीकी गलती
मामला सामने आने के बाद NTA ने इसे तकनीकी त्रुटि बताते हुए स्वीकार किया है कि एडमिट कार्ड में सेंटर आवंटन को लेकर गड़बड़ी हुई है। एजेंसी ने छात्र के परिवार को आश्वासन दिया है कि जल्द ही संशोधित एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा।

परिवार के अनुसार NTA की ओर से उन्हें ईमेल प्राप्त हुआ है, जिसमें बताया गया है कि एडमिट कार्ड में सुधार कर नया परीक्षा केंद्र आवंटित किया जाएगा।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मामला
इस पूरे मामले का स्क्रीनशॉट और छात्र के पिता का बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। परीक्षा से ठीक पहले सामने आई इस घटना ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। कई लोगों ने परीक्षा प्रबंधन और तकनीकी व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं।

आज जारी हो सकता है संशोधित एडमिट कार्ड
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार NTA ने छात्र के मामले को प्राथमिकता पर लेते हुए समाधान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उम्मीद जताई जा रही है कि परीक्षा से पहले संशोधित एडमिट कार्ड जारी कर दिया जाएगा, ताकि छात्र निर्धारित केंद्र पर परीक्षा में शामिल हो सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *