उत्तराखंड के इस जिले में कल सभी स्कूलों की छुट्टी, देखें आदेश………

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के बीच जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शनिवार, 18 जुलाई को जनपद के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

IMD ने जारी किया भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) देहरादून और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान देहरादून जिले में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।

मौसम विभाग ने क्षेत्र में अति तीव्र से अत्यंत तीव्र वर्षा की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने खराब मौसम के चलते किसी भी संभावित दुर्घटना से बचाव के लिए यह निर्णय लिया है।

किन संस्थानों में रहेगा अवकाश ?
जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार शनिवार को निम्न संस्थान पूरी तरह बंद रहेंगे—

कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी स्कूल
सरकारी सहायता प्राप्त (एडेड) विद्यालय
सभी निजी स्कूल
जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्र
यह आदेश देहरादून जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों पर समान रूप से लागू होगा।

अधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देश
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मुख्य शिक्षा अधिकारी (CEO) और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि अवकाश आदेश का सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।

जिला प्रशासन ने लोगों से की अपील
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से बच्चों और अभिभावकों से उफनते नदी-नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और भूस्खलन संभावित स्थानों से दूर रहने को कहा गया है।

प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की आधिकारिक चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की भी सलाह दी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *