उत्तराखंड की राजधानी में 10 जुलाई को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे………
देहरादून: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) एवं नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 10 जुलाई 2026 को जनपद देहरादून में कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली तथा तेज बारिश की संभावना जताई गई है। इस संबंध में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान ने जनपद के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 10 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को एक दिवस का अवकाश घोषित किया है।
जिला प्रशासन ने सभी शिक्षण संस्थानों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों से मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने तथा अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। साथ ही सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने एवं किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

