उत्तराखंड की राजधानी में बारिश ने सुधारी की हवा, एक्यूआइ 100 के नीचे पहुंचा……..
देहरादून: देहरादून में लंबे इंतजार के बाद हुई बारिश ने भीषण गर्मी से राहत दिलाई और शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार किया है। लंबे इंतजार के बाद हुई बारिश ने जहां भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाई, वहीं दून की वायु गुणवत्ता में भी सुधार दर्ज किया गया है।
पिछले कई दिनों से 100 के ऊपर बना हुआ एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) शुक्रवार को घटकर 100 से नीचे पहुंच गया, जिससे शहर की हवा पहले की तुलना में अधिक स्वच्छ महसूस की गई।
उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार बारिश के कारण वातावरण में मौजूद धूल, मिट्टी और अन्य सूक्ष्म प्रदूषक कण जमीन पर बैठ गए। इसके साथ ही हवा में तैर रही प्रदूषण की परत भी धुल गई, जिससे वायु गुणवत्ता में सुधार देखने को मिला।
शहर के विभिन्न हिस्सों में दृश्यता बेहतर हुई और वातावरण अपेक्षाकृत साफ नजर आया। पर्यावरण विशेषज्ञों का कहना है कि प्री-मानसून बारिश प्राकृतिक रूप से वायु प्रदूषण को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
बारिश के पानी के साथ हवा में मौजूद पार्टिकुलेट मैटर (पीएम-10 और पीएम-2.5) के कण नीचे आ जाते हैं, जिससे एक्यूआइ में सुधार होता है। यही कारण है कि बारिश के बाद हवा की गुणवत्ता अक्सर बेहतर दर्ज की जाती है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से बढ़ते तापमान, शुष्क मौसम और निर्माण गतिविधियों के कारण देहरादून में धूल का स्तर बढ़ गया था, जिससे एक्यूआइ 100 के ऊपर बना हुआ था। हालांकि, शुक्रवार को हुई बारिश के बाद प्रदूषण का स्तर कम हुआ।
पिछले एक सप्ताह का एक्यूआइ
29 मई, 95
28 मई, 102
27 मई, 112
26 मई 114
25 मई, 109
24 मई, 115
23 मई, 109

