उत्तराखंड में पांवटा साहिब सीमा पर अभी भी तैनात पुलिस और अधिकारी, डीएम और एसएसपी भी ले रहे जायजा……

देहरादून: पंजाब से हिमाचल प्रदेश के रास्ते उत्तराखंड की ओर आने का प्रयास कर रहे निहंग सिख समुदाय को लेकर उत्पन्न परिस्थितियों के बीच शुक्रवार को पांवटा साहिब सीमा पर स्थिति पूरी तरह सामान्य और प्रशासन के नियंत्रण में रही। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए पुलिस एवं प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।

शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने पांवटा साहिब स्थित उत्तराखंड सीमा का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

सीमा पर पर्याप्त संख्या में पुलिस एवं सुरक्षा बल तैनात हैं। देहरादून आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है, जबकि सभी संभावित प्रवेश मार्गों पर नाकेबंदी कर निगरानी बढ़ा दी गई है। इस बीच गुरुद्वारा पांवटा साहिब में प्रशासन और निहंग सिख समुदाय के प्रतिनिधियों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में सकारात्मक वार्ता जारी है।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जनपद में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी गई है तथा हर गतिविधि पर प्रशासन और पुलिस की लगातार नजर बनी हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आपसी संवाद के माध्यम से स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी रहेगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने कहा कि सीमा क्षेत्र सहित सभी संभावित मार्गों पर प्रभावी पुलिस बल तैनात किया गया है। कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें, केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें तथा शांति, सौहार्द और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *