अब 230 KM दूरी 3 घंटे में होगी पूरी, ऋषिकेश तक नमो भारत ट्रेन का सर्वे जल्द, यहां से निकलेगा रूट……..

देहरादून: मेरठ से ऋषिकेश तक नमो भारत ट्रेन चलाने के लिए 150 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित कॉरिडोर का सर्वे जल्द शुरू हो सकता है। मेरठ होते हुए सड़क के रास्ते दिल्ली से ऋषिकेश जाने में अभी करीब 6 घंटे लगते हैं। आरआरटीएस का यह कॉरिडोर बन जाने पर दिल्ली से ऋषिकेश तक का सफर घटकर करीब ढाई से तीन घंटे का रह जाएगा।

उत्तर प्रदेश के मेरठ से ऋषिकेश तक नमो भारत रैपिड रेल आरआरटीएस कॉरिडोर के लिए सर्वे जल्द शुरू हो सकता है। उत्तर प्रदेश सरकार ने एनसीआरटीसी को इसके लिए लिखित सहमति दे दी है, जबकि उत्तराखंड सरकार भी इस पर सैद्धांतिक सहमति दे चुकी है। उत्तराखंड की ओर से भी लिखित सहमति जल्द ही मिल सकती है। इसके बार एनसीआरटीसी की ओर से सर्वे और डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने का काम शुरू किया जाएगा।

एनसीआरटीसी के अधिकारी ने बताया कि मेरठ से मुजफ्फरनगर, रुड़की, हरिद्वार होते हुए देहरादून तक का यह कॉरिडोर 150 किलोमीटर लंबा होगा। इसका तकरीबन 72 किलोमीटर का हिस्सा यूपी में और 78 किलोमीटर का हिस्सा उत्तराखंड में होगा।

मंजूरी की प्रक्रिया अंतिम चरण में
कॉरिडोर की डीपीआर तैयार करने के लिए 7.02 करोड़ के परामर्श शुल्क को आकस्मिकता निधि से मंजूरी देने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है, जिसके बाद धरातल पर सर्वे का काम तत्काल प्रभाव से शुरू कर दिया जाएगा।

यहां से होकर गुजरेगा रूट
कुल 150 किलोमीटर ट्रैक की प्रस्तावित परियोजना के तहत मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से नया ट्रैक शुरू होगा, जो मुजफ्फरनगर होते हुए उत्तराखंड की सीमा में प्रवेश करेगा। इसके बाद यह ट्रैक रुड़की, हरिद्वार में हर की पैड़ी होते हुए, ऋषिकेश के अंतिम छोर लक्ष्मणझूला तक पहुंचेगा। इसका 72 किलोमीटर का हिस्सा उत्तर प्रदेश में और 78 किलोमीटर का हिस्सा उत्तराखंड में आएगा।

160 kmph की स्पीड से चल सकती है नमो भारत
बता दें कि उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और एनसीआरटीसी के बीच हाई स्पीड नमो भारत ट्रेन का विस्तार मेरठ के मोदीपुरम से ऋषिकेश के पास लक्ष्मण झूला तक किए जाने पर हाल ही में सहमति बनी है। उत्तराखंड सरकार की तरफ से 17 जून को जारी एक बयान के अनुसार, दिल्ली में सराय काले खां और मेरठ में मोदीपुरम के बीच मौजूदा 82 किलोमीटर लंबे नमो भारत कॉरिडोर को ऋषिकेश में लक्ष्मण झूला तक 150 किलोमीटर और बढ़ाया जाएगा। नमो भारत ट्रेन जो 160 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से चल सकती है, आरआरटीएस के इस कॉरिडोर के बन जाने पर करीब 230 किलोमीटर की दूरी 3 घंटे में तय करेगी। मेरठ होते हुए सड़क के रास्ते दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचने में अभी करीब 6 घंटे लगते हैं। इससे तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों को काफी समय बचेगा।

तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों को फायदा
मेरठ से ऋषिकेश तक नमो भारत ट्रेन सेवा का विस्तार उत्तराखंड की कनेक्टिविटी को नई दिशा देगा। इससे हरिद्वार, ऋषिकेश आने वाले तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को तेज, सुरक्षित एवं आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। वहीं, सड़क पर निजी वाहनों की संख्या में भी कमी आने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि इस साल फरवरी में दिल्ली से मेरठ के मोदीपुरम तक हाईस्पीड नमो भारत ट्रेन का संचालन शुरू हो चुका है। इस हाईस्पीड ट्रेन को मोदीपुरम से ऋषिकेश तक विस्तार देने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर एक प्रस्ताव भी सौंपा था।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *