उत्तराखंड में भागीरथी में कथित तौर पर सीवेज छोड़ने पर एनजीटी सख्त, देवप्रयाग नगर पालिका से मांगी रिपोर्ट………
देहरादून: राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण यानी एनजीटी की प्रधान पीठ ने देवप्रयाग में भागीरथी नदी में कथित तौर पर सीवेज छोड़े जाने पर चिंता जताई है। टिहरी गढ़वाल जिले में स्थित देवप्रयाग में सार्वजनिक शौचालयों और नालियों से निकलने वाले अन ट्रीटेड मल और अपशिष्ट को सीधे भागीरथी नदी में बहाए जाने के आरोपों पर देवप्रयाग नगर परिषद से एक विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
भागीरथी में सीवेज छोड़े जाने पर एनजीटी सख्त: एनजीटी ने को बदरीनाथ के तीर्थ पुरोहित प्रियांक कर्नाटक द्वारा दायर एक याचिका पर मंगलवार को सुनवाई करते हुए यह आदेश पारित किया। न्यायाधिकरण ने देवप्रयाग में भागीरथी नदी में सीवेज डिस्चार्ज पर चिंता व्यक्त जताई थी।
बदरीनाथ के तीर्थ पुरोहित ने दायर की जनहित याचिका: प्रियांक कर्नाटक की याचिका के अनुसार, देवप्रयाग एक पवित्र संगम स्थल है। यहां भागीरथी और अलकनंदा नदियों के संगम से गंगा नदी बनती है. उन्होंने याचिका में कहा कि तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए ओकरनंद पब्लिक स्कूल के नीचे, देवप्रयाग संगम के पास सार्वजनिक शौचालय बनाए गए थे। चिंता की बात है कि इन शौचालयों और आसपास के सिविल लाइंस क्षेत्र की नालियों से निकलने वाला अपशिष्ट और गंदा पानी बिना ट्रीटमेंट के सीधे भागीरथी नदी में बहाया जा रहा है।
एनजीटी ने इन्हें बनाया प्रतिवादी: एनजीटी ने पाया कि आवेदन में पर्यावरण मानदंडों के अनुपालन से संबंधित एक महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया गया है। इसके बाद, एनजीटी ने टिहरी गढ़वाल के जिला मजिस्ट्रेट, उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव, उत्तराखंड के पर्यावरण सचिव और देवप्रयाग नगर पालिका परिषद को उसके मुख्य कार्यकारी अधिकारी के माध्यम से प्रतिवादी बनाया।
सभी प्रतिवादियों को नोटिस जारी: न्यायाधिकरण ने सभी प्रतिवादियों को नोटिस जारी किए। आवेदक को निर्देश दिया कि वह उन्हें नोटिस तामील कराए और अगली सुनवाई से कम से कम एक सप्ताह पहले तामील का हलफनामा दाखिल करे। इसके साथ ही देवप्रयाग नगर परिषद को विशेष रूप से निर्देश दिया गया है, कि वह शिकायत में उल्लिखित भागीरथी में अनुपचारित सीवेज और सेप्टेज के कथित निर्वहन के संबंध में एक व्यापक रिपोर्ट प्रस्तुत करे। इस मामले की अगली सुनवाई 16 अक्टूबर, 2026 को होगी।
ये हैं देवप्रयाग के जिम्मेदारी नेता और अधिकारी: देवप्रयाग नगर पालिका परिषद की वर्तमान अध्यक्ष ममता देवी हैं। उन्होंने जनवरी 2025 के नगर निकाय चुनावों में देवप्रयाग (टिहरी गढ़वाल, उत्तराखंड) से अध्यक्ष पद पर निर्विरोध जीत हासिल की थी और फरवरी 2025 में आधिकारिक रूप से पद की शपथ ली थी। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के वर्तमान विधायक विनोद कंडारी हैं। वह भारतीय जनता पार्टी के नेता हैं।
देवप्रयाग हालांकि टिहरी गढ़वाल जिले में आता है, लेकिन ये पौड़ी गढ़वाल संसदीय सीट के अंतर्गत है। पौड़ी गढ़वाल से सांसद बीजेपी के अनिल बलूनी हैं. टिहरी गढ़वाल की वर्तमान जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल हैं।
