उत्तराखंड में अवैध निर्माण पर एमडीडीए वीसी बंशीधर तिवारी का बरपा गुस्सा, तीन अवैध निर्माणों पर सीलिंग………
देहरादून: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और तेज करते हुए शहर के तीन अलग-अलग स्थानों पर बने अवैध आवासीय एवं व्यवसायिक निर्माणों को सील कर दिया।
इस कार्रवाई के बाद अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि बिना स्वीकृत मानचित्र या नियमों के विपरीत किए गए किसी भी निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दोहरण रोड स्थित आईटी पार्क के पास अवैध व्यवसायिक निर्माण सील
एमडीडीए की टीम ने सबसे पहले दोहरण रोड स्थित आईटी पार्क के निकट कार्रवाई की। यहां पुनीत अग्रवाल द्वारा बिना विकास प्राधिकरण की अनुमति के व्यवसायिक निर्माण कराया जा रहा था।
निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य नियमों के विपरीत पाए जाने पर टीम ने मौके पर ही भवन को सील कर दिया।
जमन्नीवाला सिंगली रोड पर भी चला सीलिंग अभियान
दूसरी कार्रवाई जमन्नीवाला सिंगली रोड क्षेत्र में की गई, जहां अरुण कुमार गुप्ता द्वारा अवैध व्यवसायिक निर्माण कराया जा रहा था।
एमडीडीए अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण करने के बाद निर्माण को नियमों के विरुद्ध पाया और तत्काल प्रभाव से भवन को सील कर दिया। साथ ही निर्माणकर्ता को बिना अनुमति निर्माण न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।
कैलाश पाम सिटी सोसायटी में बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर सील
तीसरी और महत्वपूर्ण कार्रवाई पंडितवाड़ी स्थित कैलाश पाम सिटी सोसायटी में हुई।
यहां राकेश सुरी द्वारा अवैध रूप से निर्मित बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर को एमडीडीए ने सील कर दिया। अधिकारियों के अनुसार निर्माण स्वीकृत मानकों के अनुरूप नहीं था, जिसके चलते नियमानुसार कार्रवाई की गई।
पुलिस बल और अभियंताओं की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
सीलिंग अभियान के दौरान एमडीडीए के अभियंता, सुपरवाइजर और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे।
दोहरण रोड और जमन्नीवाला क्षेत्र की कार्रवाई में सहायक अभियंता शैलेन्द्र सिंह रावत, अवर अभियंता विदिता और सुपरवाइजरी टीम शामिल रही। वहीं कैलाश पाम सिटी सोसायटी में सहायक अभियंता शशांक सक्सेना, अवर अभियंता अभिजीत, सुपरवाइजर और पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई पूरी की गई।
अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
एमडीडीए ने बताया कि प्राधिकरण क्षेत्र में लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे सभी निर्माण चिन्हित किए जा रहे हैं जो बिना स्वीकृति के बनाए जा रहे हैं या स्वीकृत मानचित्र के विपरीत हैं।
प्राधिकरण का उद्देश्य देहरादून में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना और अवैध निर्माणों पर प्रभावी रोक लगाना है।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का बड़ा बयान
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि विकास प्राधिकरण क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने नागरिकों और भवन स्वामियों से अपील की कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सभी आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करें और निर्धारित मानकों का पालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां भी नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां सीलिंग, ध्वस्तीकरण और अन्य वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
सचिव मोहन सिंह बर्निया ने लोगों से की यह अपील
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि अवैध निर्माणों के खिलाफ नियमित निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान जारी है।
उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि किसी भी निर्माण कार्य से पहले विकास प्राधिकरण से आवश्यक अनुमति अवश्य लें। बिना स्वीकृत मानचित्र या नियमों के विपरीत किए गए निर्माणों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

