उत्तराखंड की राजधानी के पलटन बाजार में साड़ी-लहंगा शोरूम में भीषण आग। लाखों का सामान राख………

देहरादून: राजधानी देहरादून के सबसे व्यस्त और पुराने व्यावसायिक क्षेत्र पलटन बाजार में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक साड़ी और लहंगा शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई।

आग की लपटों ने देखते ही देखते पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

शोरूम में अचानक भड़की आग
जानकारी के अनुसार,पलटन बाजार स्थित एक साड़ी एवं लहंगा शोरूम में अचानक आग लग गई। आग लगते ही शोरूम के अंदर मौजूद कर्मचारियों और आसपास के व्यापारियों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। स्थिति गंभीर होते देख तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।

चार दमकल गाड़ियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए अतिरिक्त तीन दमकल वाहनों को भी बुलाना पड़ा।

दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे तक लगातार राहत और बचाव अभियान चलाकर आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझाए जाने से आसपास की दुकानों तक आग फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा नुकसान टल गया।

लाखों रुपये का सामान जलकर हुआ खाक।
अग्निकांड में शोरूम के भीतर रखा बड़ी मात्रा में साड़ी, लहंगा और अन्य कपड़ों का स्टॉक जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि नुकसान का सही आंकलन विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएगा।

व्यस्त समय में नहीं लगी आग, टला बड़ा हादसा
पलटन बाजार देहरादून का सबसे बड़ा और भीड़भाड़ वाला बाजार माना जाता है, जहां प्रतिदिन हजारों लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। राहत की बात यह रही कि आग बाजार के अत्यधिक व्यस्त समय में नहीं लगी। यदि यह घटना भीड़भाड़ के दौरान होती तो जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।

आग लगने के कारणों की जांच शुरू
फिलहाल अग्निशमन विभाग और पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है और बाजार में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *