उत्तराखंड में कैलास मानसरोवर यात्रा का 27 घंटे बाद खुला मार्ग, पहले दल ने लिपू दर्रा पार कर तिब्बत में किया प्रवेश……….
पिथौरागढ़: कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग 27 घंटे बाद छोटे वाहनों के लिए खुल गया है। वहीं पहले कैलास मानसरोवर यात्रा दल ने तिब्बत में प्रवेश कर लिया है।
कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग पर मालपा से लमारी के बीच गुरुवार सुबह 9:30 बजे के आसपास विशाल चट्टान के दरकने से मार्ग बंद हो गया था।
बीआरओ द्वारा मार्ग खोलने का प्रयास जारी रहा। शुक्रवार को दोपहर 12:30 बजे के आसपास मार्ग खुला है। अभी मार्ग केवल छोटे वाहनों के लिए ही खुल सका है।
पहले दल में 52 लोग
कैलास मानसरोवर यात्रा के पहले दल के 52 लोगों ने शुक्रवार सुबह नौ बजे लिपूदर्रा पार कर तिब्बत में प्रवेश किया। दल में 48 यात्री, एक चिकित्सा कर्मी और तीन कुक शामिल हैं।
आईटीबीपी के अधिकारियों ने यात्रियों को चीन के अधिकारियों के सुपुर्द किया। नावीढांग से यात्री सुबह सात बजे 9 किमी दूर लिपू पास के लिए रवाना हुए थे।

