उत्तराखंड में चारधाम यात्रियों के लिए जरूरी खबर, श्रीनगर में रात में रुकेंगे बदरी-केदार यात्रा रूट पर जा रहे वाहन…….

श्रीनगर: चारधाम यात्रा मार्ग पर यातायात प्रबंधन में प्रशासन के पसीने छूट रहे हैं। खासकर बदरी-केदार मार्ग पर वाहनों का रेला पूरे दिन जाम का कारण बन रहा है। फौरी समाधान के तौर पर यहां प्रशासन ने यातायात प्रबंधन के लिए नया प्लान लागू किया है। इसके अंतर्गत रात दस बजे के बाद श्रीनगर से यात्री वाहनों को आगे नहीं जाने दिया जाएगा। सुबह चार बजे तक इन्हें यहीं रोका जाएगा।

इसके बाद ही बदरी-केदार के अगले पड़ावों के लिए इन्हें जाने की अनुमति होगी। यात्रा मार्गों पर जाम की समस्या कम करने के लिए और भी कदम उठाए गए हैं। सड़कों के किनारे जहां-तहां खड़े वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। अस्थायी अतिक्रमण भी हटाकर यातायात को सुचारु करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

बदरी-केदार जाने वालों की संख्या सबसे अधिक
चारधामों को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह बना हुआ है, लेकिन बदरी-केदार जाने वालों की संख्या सबसे अधिक है। दोनों धामों में प्रतिदिन 50 से 60 हजार तक यात्री पहुंच रहे हैं। चूंकि दोनों धामों को जाने वाला मार्ग श्रीनगर में पड़ता है, इसलिए यहां जाम की अधिक समस्या आ रही है। स्थिति यह है कि यात्रियों को 10-12 घंटे तक पड़ावों पर इंतजार करना पड़ रहा है।

कई बार तो रात भी गुजारनी पड़ रही है। आगे की यात्रा में इस तरह की समस्या न आए, इसलिए नया यातायात प्रबंधन लागू किया गया है। मंगलवार रात बदरीनाथ-केदारनाथ यात्रा मार्गों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए प्रशासन ने बाजार चौकी के पास बैरियर लगाकर यात्रियों को श्रीनगर में ही रोक दिया। तहसीलदार दीपक भंडारी ने बताया कि रात दस बजे से सुबह चार बजे तक केवल मालवाहक वाहनों को ही आवाजाही की अनुमति रहेगी।

कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि पौड़ी चुंगी व श्रीनगर चौकी व फरासू के समीप बैरियर लगाकर यात्रियों से रात को यात्रा न करने की अपील की जा रही है।

व्यापार सभा अध्यक्ष दिनेश असवाल ने कहा कि रात में वाहनों की आवाजाही पर रोक से स्थानीय व्यापारियों को लाभ मिलेगा।

गंगोत्री हाईवे पर दो किमी लंबा जाम
भटवाड़ी: बुधवार को गंगोत्री हाईवे पर चड़ेथी भटवाड़ी से मल्ला तक लगभग दो किमी का लंबा जाम लग गया। इस कारण गंगोत्री धाम के दर्शन को जा रहे तीर्थयात्रियों सहित स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

यहां सुबह सात बजे से जाम लगना शुरू हो गया था, जो कि करीब साढ़े नौ बजे बाद ही खुल पाया। कोतवाली पुलिस ने बुधवार को हाईवे किनारे अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान पांच व्यक्तियों का दस-दस हजार रुपए का चालान किया गया।

बदरीनाथ मार्ग पर जाम का कारण बन रहे वाहनों को उठा रही पुलिस
गोपेश्वर: बदरीनाथ पुलिस धाम में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ और गाड़ियों की लंबी कतार पुलिसकर्मी के लिए चुनौती बन रही है। अब वाहनों को व्यवस्थित तरीके से पार्क कराने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।

नो-पार्किंग जोन में खड़े और सड़क पर जाम लगा रहे वाहनों को क्रेन के माध्यम से उठाया जा रहा है। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई भी की जा रही है।

बुधवार को चारों धामों में पहुंचे यात्री
यमुनोत्री : 11,217
गंगोत्री : 15,816
केदरानाथ : 25,703
बदरीनाथ : 25,488

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *