उत्तराखंड के नैनीताल में लोअर मालरोड बंद और ऊपरी मालरोड पर दरारों को लेकर होटल एसोसिएशन सख्त, डीएम से हस्तक्षेप की मांग…………

नैनीताल: नैनीताल होटल्स एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन ने लोअर मालरोड निर्माण में देरी और ऊपरी मालरोड पर दरारों को लेकर डीएम ललित मोहन रयाल को पत्र लिखा है।

नैनीताल के लोअर मालरोड के निर्माण कार्य में हो रही देरी और ऊपरी मालरोड पर आई दरारों को लेकर नैनीताल होटल्स एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन ने जिलाधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। एसोसिएशन ने कहा कि निर्माण कार्य की धीमी गति से पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने 17 अगस्त को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को भेजे पत्र में कहा कि नैनीताल विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी है और यहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में लोअर मालरोड का लंबे समय से बंद रहना चिंता का विषय है।

पत्र में कहा गया कि लोअर मालरोड का एक हिस्सा करीब आठ वर्षों से क्षतिग्रस्त है और पिछले एक वर्ष से अधिक समय से निर्माण कार्य चल रहा है। इसके बावजूद कार्य की गति बेहद धीमी है और इसे पूरा करने की कोई निश्चित समय-सीमा सामने नहीं आई है। एसोसिएशन ने अपर और लोअर मालरोड के बीच आई दरारों को गंभीर बताते हुए तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराने की मांग की। एसोसिएशन के अनुसार, समय रहते इन दरारों की जांच नहीं हुई तो भविष्य में सड़क को भारी नुकसान के साथ बड़ी अनहोनी की आशंका हो सकती है।

पत्र में माँ नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल अध्यक्ष पुनीत टंडन के नेतृत्व में चल रहे धरने का भी उल्लेख किया गया। प्रशासन से पुनीत टंडन और व्यापार मंडल प्रतिनिधियों से वार्ता कर निर्माण कार्य शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण पूरा कराने का आश्वासन देने और धरना समाप्त कराने का अनुरोध किया गया। एसोसिएशन ने कहा कि देरी से यातायात प्रभावित होने के साथ पर्यटकों को असुविधा हो रही है और नैनीताल की पर्यटन छवि भी प्रभावित हो रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *