उत्तराखंड में यहाँ उफनती नदी में पलटा मैक्स वाहन, SDRF ने जान पर खेलकर 2 लोगों को बचाया……….

ऋषिकेश: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच ऋषिकेश क्षेत्र में बीन नदी का जलस्तर बढ़ने से एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

तेज बहाव के बीच एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर नदी में पलट गया, जिसमें दो लोग फंस गए। सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे तक चले चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी पशुलोक बैराज से रात करीब 9:22 बजे सूचना मिली कि बीन नदी में एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया है। वाहन में कुछ लोगों के फंसे होने की जानकारी मिलते ही ढालवाला पोस्ट से अपर उप निरीक्षक महावीर चौहान के नेतृत्व में SDRF की रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचते ही SDRF जवानों ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू करना बेहद चुनौतीपूर्ण था।

पहले व्यक्ति को सुरक्षित निकाला
SDRF जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, दूसरा व्यक्ति अभी भी वाहन के भीतर फंसा हुआ था।

इसी दौरान नदी का बहाव लगातार तेज होता जा रहा था। तेज पानी के दबाव के कारण मैक्स वाहन भी अपनी जगह से खिसककर कुछ दूरी तक बह गया, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन और अधिक जोखिम भरा हो गया।

दूसरी SDRF टीम को बुलाया गया
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए SDRF ने अतिरिक्त टीम को भी मौके पर बुलाया। निरीक्षक कविंद्र सजवान के नेतृत्व में दूसरी टीम घटनास्थल पर पहुंची और पहली टीम के साथ समन्वय बनाकर रेस्क्यू अभियान को आगे बढ़ाया।

तेज बहाव, बढ़ते जलस्तर और रात के अंधेरे के बीच SDRF जवानों ने जोखिम उठाते हुए वाहन तक पहुंच बनाई। काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे दूसरे व्यक्ति को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

दोनों लोगों को अस्पताल भेजा गया
रेस्क्यू किए गए दोनों व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। SDRF की तत्परता, साहस और दोनों टीमों के बेहतर समन्वय के चलते बड़ा हादसा टल गया।

रात के अंधेरे में तेज बहाव वाली नदी के बीच जिस तरह SDRF जवानों ने रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया, वह उनकी मुस्तैदी और साहस का उदाहरण है।

उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर जारी
उत्तराखंड में बारिश का दौर लगातार जारी है। भारी बारिश के कारण कई नदी-नाले उफान पर हैं। ऐसे में प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से लोगों को नदी-नालों और बरसाती गदेरों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी जा रही है।

देहरादून मौसम विभाग ने भी आज भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। ऐसे में लोगों से विशेष सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *