उत्तराखंड में रानीखेत के जंगल में युवती पर गुलदार का हमला, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती……..

रानीखेत: नगर से कुछ दूर कालीगाढ़ पट्टी के कुंवाली क्षेत्र में युवती पर दिन दहाड़े गुलदार झपट गया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके सिर, चेहरे, पीठ व गर्दन पर नाखून जैसे गहरे घाव हैं। चिकित्सकों के अनुसार सिर पर गंभीर चोट है।

नागरिक चिकित्सालय में न्यूरो सर्जन न होने से घायल को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। चार वर्ष पूर्व इसी जंगल से लगे वन क्षेत्र में बुजुर्ग को गुलदार ने शिकार बना डाला था। वहीं वन कर्मियों ने गुलदार प्रभावित क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है।

गुलदार बहुल कुंवाली क्षेत्र में लंबे समय बाद गुलदार की धमक से फिर दहशत है।यहां ऐना गांव निवासी दीवान सिंह की 22 वर्षीय पुत्री बबीता सोमवार को अपराह्न करीब तीन बजे मवेशियों को लेने के लिए पास के जंगल की ओर निकली।

उसके साथ गांव की अन्य सहेलियां व बच्चे भी थे। बताया जा रहा कि और लोग तो सड़क पर ही रुक गए। बबीता अकेले ही जंगल की तरफ आगे बढ़ गई। कुछ ही देर में बबीता के चीखने की आवाज आने लगी। हिम्मत जुटा कर साथी सहेलियों ने हो हल्ला किया। डर के बावजूद मौके की ओर कदम बढ़ाए। शोर मचने पर गुलदार युवती को छोड़ जंगल में दूर निकल गया।

इधर बबीता लहूलुहान हालत में पड़ी थी। ग्रामीणों की मदद से उसे नागरिक चिकित्सालय ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार सिर पर गंभीर चोट की आशंका है।

प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया गया। ग्रामीण चंदन सिंह ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार व जंगली सूअरों का आतंक बना हुआ है।

आए दिन गुलदार मवेशियों को मार रहा है। उन्होंने मानव वन्यजीव टकराव से बचने के लिए वन विभाग से पिंजड़ा लगाने पर जोर दिया। ऐना से लगे धनखोली वनक्षेत्र में 2022 में 65 वर्षीय बुजुर्ग भी गुलदार का शिकार बना था।

विभागीय टीम को लगातार गश्त के निर्देश दिए हैं। घटना स्थल के पास पिंजड़ा लगा रहे हैं। गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने को ट्रैप कैमरे भी लगाए जाएंगे। :मनोज लोहनी, वन क्षेत्राधिकारी सोमेश्वर

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *