उत्तराखंड की राजधानी में फायरिंग कांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी समेत अन्य की तलाश जारी………
देहरादून: रायपुर थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना का देहरादून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के पीछे बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान हुआ पुराना विवाद और रंजिश थी। इस फायरिंग में दो लोग घायल हुए थे।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पांच पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान की। जांच के दौरान घायल कमेंद्र शर्मा से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस बिजनौर कनेक्शन तक पहुंची और रविवार को थाना रायपुर क्षेत्र के थानो रोड, सोढ़ा सरोली से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अरुण कुमार उर्फ छोटू (27), सन्नी कुमार (24) और आदर्श सिंह (19) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान और उसके अन्य साथी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान कमेंद्र शर्मा और अक्षय प्रधान के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों पक्षों में रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते देहरादून में दोनों पक्ष आमने-सामने आए और विवाद के दौरान फायरिंग हो गई। गोली लगने से कमेंद्र शर्मा के पैर और नवीन राणा के कंधे में चोट आई।
घटना के संबंध में रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

