उत्तराखंड में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी, मैदानी इलाकों में पारा चढ़ा, ऑरेंज अलर्ट घोषित……….

देहरादून: उत्तराखंड में इन दिनों भीषण गर्मी बेहाल कर रही है। मौसम शुष्क रहने और तेज धूप के कारण मैदानी क्षेत्रों में लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और कई मैदानी इलाकों में पारा 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है।

राजधानी देहरादून में भी गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है, जहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले दो दिन इसी प्रकार का मौसम बना रह सकता है।

सोमवार को दून में सुबह से धूप खिली रही और दिन में गर्म हवा के थपेड़ों ने बेहाल किया। इस दौरान पारे में वृद्धि दर्ज की गई। ज्यादातर मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का प्रकोप है।

पहाड़ों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाने और हल्की वर्षा होने की सूचना है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक तक दर्ज किया गया, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य के आसपास रहा।

मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों के दौरान राज्य में अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार आज (मंगलवार) उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा या गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। जबकि राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क बने रहने की आशंका है।

आगामी गुरुवार के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है। चेतावनी के अनुसार देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने व 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।

शहर, अधिकतम, न्यूनतम
देहरादून, 37.0, 23.8
ऊधमसिंह नगर, 38.9, 24.6
मुक्तेश्वर, 26.4, 13.9
नई टिहरी, 27.0, 13.3

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *