उत्तराखंड की राजधानी में एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी का आगाज, मुख्यमंत्री धामी ने किया शुभारंभ……….

देहरादून: हिमाद्री आइस रिंक में सोमवार से एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी-2026 का रोमांच शुरू हो गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में 14 देशों के 270 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के लिए विभिन्न देशों की टीमें देहरादून पहुंच चुकी हैं, जबकि 102 कोच, रेफरी और अन्य तकनीकी अधिकारी भी आयोजन का हिस्सा बने हैं।

प्रतियोगिता में हांगकांग, थाईलैंड, वियतनाम, फिलीपींस, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, मंगोलिया, मलेशिया, चीनी ताइपे, इंडोनेशिया, उज्बेकिस्तान, चीन, दक्षिण कोरिया और मेजबान भारत के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। 14 अगस्त से खिलाड़ियों का आधिकारिक अभ्यास शुरू हो चुका है और सोमवार को भी हिमाद्री आइस रिंक में विभिन्न देशों के खिलाड़ियों ने जमकर अभ्यास किया।

देश-विदेश के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अब देवभूमि और वीरभूमि के साथ खेलभूमि के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है। सरकार खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार सुविधाओं का विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा खेलों के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।

प्रतियोगिता की खास बात यह है कि इसमें विश्व कप स्तर का समय हासिल करने वाले भारतीय खिलाड़ियों को आगे विश्व कप प्रतियोगिताओं में खेलने का अवसर मिल सकेगा। ऐसे में देहरादून की यह प्रतियोगिता भारतीय शॉर्ट ट्रैक स्केटिंग के खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकती है।

भारत लगातार दूसरी बार इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है। 17 से 20 अगस्त तक चलने वाली प्रतियोगिता के दौरान हिमाद्री आइस रिंक में देश-विदेश के शीर्ष खिलाड़ियों की रफ्तार और तकनीक का रोमांच देखने को मिलेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *