उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को लेकर केंद्र सरकार अलर्ट, सुरक्षा के लिए भेजी जाएंगी अर्धसैनिक बल की 15 कंपनियां……..

देहरादून: केंद्रीय गृह सचिव पहले भी उत्तराखंड का दौरा कर यात्रा मार्ग और व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर चुके हैं. उनके निर्देशों के अनुसार राज्य सरकार ने तैयारियों को और तेज कर दिया है।

चारधाम यात्रा को लेकर केंद्र सरकार पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है. हर साल लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी इस महत्वपूर्ण यात्रा को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए इस बार विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को अर्धसैनिक बल की 15 कंपनियां उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है, जो मई माह तक राज्य को मिल सकती हैं।

हाल ही में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने चारधाम यात्रा की तैयारियों की व्यापक समीक्षा की। उन्होंने राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन भी बैठक में मौजूद रहे। बैठक में सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात प्रबंधन, हेली सेवाएं, आधारभूत सुविधाएं और आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन चर्चा की गई।

केंद्रीय गृह सचिव ने राज्य सरकार से ली जानकारी
केंद्रीय गृह सचिव ने राज्य सरकार से यात्रा के दौरान आने वाली संभावित चुनौतियों और आवश्यकताओं के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने आश्वासन दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अर्धसैनिक बल की 15 कंपनियां उत्तराखंड भेजी जाएंगी। इन बलों की तैनाती ऋषिकेश से लेकर चारधाम के प्रमुख स्थलों तक जरूरत के अनुसार की जाएगी, जिससे पूरे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा सके।

भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा बड़ी चुनौती
चारधाम यात्रा के दौरान उत्तराखंड में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिनमें देश के साथ-साथ विदेशों से आने वाले यात्री भी शामिल होते हैं. ऐसे में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा एक बड़ी चुनौती बन जाती है. इसे ध्यान में रखते हुए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर सभी आवश्यक कदम उठा रही हैं।

केंद्रीय गृह सचिव ने किया व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण
गौरतलब है कि केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन पहले भी उत्तराखंड का दौरा कर यात्रा मार्ग और व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर चुके हैं. उनके निर्देशों के अनुसार राज्य सरकार ने तैयारियों को और तेज कर दिया है। प्रशासन यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और श्रद्धालुओं को सुरक्षित व सुगम यात्रा का अनुभव मिले।

सरकार की इस पहल से साफ है कि चारधाम यात्रा को लेकर इस बार सुरक्षा और व्यवस्थाओं के स्तर पर कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। केंद्र और राज्य के समन्वय से यात्रा को सफल और सुरक्षित बनाने की दिशा में लगातार प्रयास जारी हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *