उत्तराखंड में खेत बचाओ अभियान को जनांदोलन बनाने का आह्वान, अल्मोड़ा में 6 करोड़ की तारबाड़ योजना की घोषणा………
अल्मोड़ा: हवालबाग में आयोजित राज्य स्तरीय “खेत बचाओ अभियान” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किसानों से कृषि भूमि, मिट्टी और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को जनांदोलन का रूप देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों, महिला समूहों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भाग लेते हुए कृषि संरक्षण तथा जलवायु अनुकूल खेती को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान देश की शक्ति हैं और मिट्टी हमारी संस्कृति में मां के समान पूजनीय है। उन्होंने किसानों से नियमित मिट्टी परीक्षण, जल संरक्षण तथा वैज्ञानिक खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और इस उद्देश्य से बजट में 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। बागवानी, पॉलीहाउस, फलोत्पादन, सुगंधित फसलों तथा मोटे अनाजों को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डीबीटी व्यवस्था से किसानों को योजनाओं का लाभ सीधे मिल रहा है। इस अवसर पर उन्होंने अल्मोड़ा जनपद में फसलों को जंगली जानवरों से सुरक्षित रखने के लिए लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से तारबाड़ योजना लागू किए जाने की घोषणा की।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किसानों से प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य सरकार ड्रैगन फ्रूट, कीवी और मिलेट जैसी फसलों को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी नीतियां लागू कर रही है।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट किसानों को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, मोहन सिंह मेहरा, महेश जीना, जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैड़ा, मेयर अजय वर्मा, कृषि सचिव सुरेंद्र नारायण पांडे, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।


