उत्तराखंड के टिहरी झील में फ्लोटिंग हट्स पर रोक, सुरक्षा जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित……….

टिहरी: बीते शनिवार देर शाम को डोबरा-चांठी के समीप टिहरी झील में स्थित फ्लोटिंग हट्स के एक्सल-ज्वाइंट खुल जाने के कारण फ्लोटिंग हट्स जोखिमपूर्ण स्थिति में आ गए।

उक्त समय फ्लोटिंग हट्स में लगभग 30 लोग मौजूद थे, जिन्हें सुरक्षा की दृष्टि से एसडीआरएफ टीम की ओर से तत्काल कार्रवाई करते हुए सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया था।

वर्तमान में सुरक्षा के दृष्टिगत उक्त फ्लोटिंग हट्स का संचालन असुरक्षित पाया गया है। जिसके चलते पूर्ण सुरक्षा मानकों व आवश्यक उपायों के अनुपालन के बाद ही इनके दोबारा संचालन को उपयुक्त माना जाएगा। अग्रिम आदेशों तक इन फ्लोटिंग हट्स के संचालन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

मुख्य विकास अधिकारी टिहरी वरुणा अग्रवाल ने घटना के कारणों की जांच व फ्लोटिंग हट्स के दोबारा सुरक्षित संचालन के संबंध में परीक्षण के लिए निम्नलिखित समिति का गठन किया है।

जिसमें एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता की अध्यक्षता में अधीक्षण अभियंता लोनिवि टिहरी केएस नेगी, पुलिस क्षेत्राधिकारी नई टिहरी चंद्रमोहन सिंह, जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोबत सिंह राणा, प्रभारी निरीक्षक एसडीआरएफ कविंद्र सजवाण को सदस्य नामित किया गया है।

सीडीओ ने उक्त समिति को निर्देशित किया है कि स्थल का निरीक्षण करते हुए घटना के कारणों का विस्तृत परीक्षण करें और फ्लोटिंग हट्स के दोबारा संचालन से संबंधित सभी पहलुओं का समुचित परीक्षण करते हुए अपनी स्पष्ट आख्या चार दिनों के भीतर प्रस्तुत करें।

कहा कि जिला प्रशासन की ओर से जन सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और सभी आवश्यक कदम सुनिश्चित किए जा रहे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *