उत्तराखंड में राशन कार्ड धारक ध्यान दें, जुलाई से फिर मिलेगा एक साथ तीन महीने का राशन…….
देहरादून: उत्तराखंड के राशन कार्ड धारकों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार ने जुलाई माह से सरकारी सस्ता गल्ला दुकानों के माध्यम से जुलाई, अगस्त और सितंबर तीन माह का खाद्यान्न एक साथ वितरित करने का फैसला लिया है। खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग की ओर से इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और एक जुलाई से वितरण प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
इससे पहले अप्रैल 2026 में भी विभाग ने तीन माह का राशन एक साथ वितरित किया था। उस समय खाद्यान्न के साथ मंडवा (रागी) दिया गया था, जबकि इस बार कार्ड धारकों को निर्धारित शुल्क पर नमक भी उपलब्ध कराया जाएगा।
मानसून को देखते हुए लिया गया फैसला
खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग के अनुसार मानसून सीजन के दौरान कई दूरस्थ क्षेत्रों में परिवहन और आपूर्ति प्रभावित होने की संभावना रहती है। इसी को देखते हुए सरकार ने तीन माह का राशन एक साथ उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
इस व्यवस्था से लाभार्थियों को बार-बार राशन की दुकान पर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें एक ही बार में तीन महीने का खाद्यान्न मिल सकेगा।
राशन के साथ मिलेगा नमक
इस बार राशन वितरण के साथ प्रत्येक पात्र राशन कार्ड धारक को नमक भी दिया जाएगा। हालांकि इसके लिए निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा।
पिछले वर्षों में नमक की गुणवत्ता को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की शिकायतें और वीडियो सामने आए थे। इसे देखते हुए विभाग ने दावा किया है कि इस बार वितरित किया जाने वाला नमक लैब परीक्षण के बाद ही दुकानों तक पहुंचाया जा रहा है।
गोदामों में पर्याप्त स्टॉक, चरणबद्ध होगा उठान
विभाग के अनुसार सभी सरकारी गोदामों में पर्याप्त मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध है। राशन की अधिकांश दुकानें आकार में छोटी होने के कारण दुकानदारों को एक बार में तीन महीने का पूरा स्टॉक नहीं दिया जाएगा।
इसके बजाय गोदामों से आवश्यकता अनुसार एक-एक माह का खाद्यान्न उठाने की व्यवस्था बनाई गई है। राशन विक्रेता पहले उपभोक्ताओं को वितरण करेंगे और उसके बाद अगले चरण का स्टॉक गोदाम से प्राप्त कर सकेंगे।
1 जुलाई से शुरू होगा वितरण
जानकारी के अनुसार, एक माह का खाद्यान्न पहले ही सभी राशन दुकानों तक पहुंचा दिया गया है। 1 जुलाई से तीन माह के राशन का वितरण शुरू कर दिया जाएगा। साथ ही नमक की आपूर्ति भी दुकानों में पहुंच चुकी है।
उन्होंने बताया कि कार्ड धारकों की संख्या के अनुसार राशन उपलब्ध कराया जा रहा है और जरूरत पड़ने पर विक्रेता गोदामों से अतिरिक्त खाद्यान्न उठाकर वितरण जारी रखेंगे।
लाखों उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ
सरकार के इस निर्णय से राज्य के लाखों राशन कार्ड धारकों को लाभ मिलेगा। विशेषकर पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मानसून के दौरान खाद्यान्न उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

