उत्तराखंड में हवाई सेवाओं का होगा विस्तार, जल्द 5 नए रूटों पर शुरू होंगी हेली सेवाएं………
देहरादून: उत्तराखंड में हवाई संपर्क को और विस्तार देने की तैयारी तेज हो गई है। नागरिक उड्डयन विभाग जल्द ही पांच नए रूटों पर हेली सेवाएं शुरू करने जा रहा है। इसके लिए प्रस्तावित मार्गों का चिह्नीकरण पूरा कर लिया गया है और अब हेलीकॉप्टर कंपनियों के चयन के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा रही है। नई सेवाओं से पर्वतीय क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ पर्यटन, तीर्थाटन और स्थानीय लोगों को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रदेश में हेली सेवाओं को लगातार विस्तार दिया जा रहा है। इस कड़ी में प्रदेश में अभी उत्तराखंड एयर कनेक्टिविटी स्कीम के तहत आठ सेवाएं एलायंस एयर और थंबी एविएशन के सहयोग से संचालित की जा रही हैं।
क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत 30 सेवाओं का संचालन किया जा रहा है। इसमें हेरीटेज एविएशन की 24 और पवन हंस की छह सेवाएं शामिल हैं। इन हेली सेवाएं के जरिये इस वित्तीय वर्ष के तीन माह में 11,242 यात्रियों ने सफर किया है।
अब इन हेली सेवाओं के इस दायरे को और बढ़ाया जा रहा है। इसके तहत अब यूकाडा सहस्रधारा हेलीपोर्ट से टनकपुर, पौड़ी, श्रीनगर और जोशीमठ के लिए नियमित हेली सेवाएं संचालित करने की योजना बना रही है। इसके अलावा सीमांत क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के उद्देश्य से पिथौरागढ़ से नाभीढांग के बीच भी हेली सेवा शुरू करने की तैयारी है।
प्रस्तावित सभी रूटों का सर्वे और चिह्नीकरण पूरा हो चुका है। इसके लिए डीजीसीए से अनुमति ली जा चुकी है। अब संचालन के लिए इच्छुक हेलीकॉप्टर कंपनियों से निविदाएं आमंत्रित की जा रही हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद सेवाओं के संचालन की तिथि तय की जाएगी। हाल ही में मुख्य सचिव आनंद बद्धन की अध्यक्षता में हुई बैठक में यूकाडा के मुख्य अधिशासी अधिकारी ने इस संबंध में विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया है।

