उत्तराखंड में यहाँ एक्शन: 10 बीघा में बसी अवैध कॉलोनी पर चला एमडीडीए का बुलडोजर……
देहरादून: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण ने देहरादून में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मेहुवाला क्षेत्र में विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाया, जिससे अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है।
प्राधिकरण की जांच में सामने आया कि मेहुवाला माफी के ईंट भट्टा क्षेत्र के पास “श्रीराम इन्क्लेव” नाम से करीब 10 बीघा भूमि पर बिना स्वीकृति के प्लॉटिंग की जा रही थी।
मामला सत्यापित होने के बाद MDDA की टीम मौके पर पहुंची और बुलडोजर कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के अनुसार, प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत प्लॉटिंग पर रोक लगाने के लिए सेक्टरवार विशेष टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें नियमित रूप से निरीक्षण कर रही हैं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित कर रही हैं।
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का कहना है कि इस तरह की सख्त कार्रवाई से न सिर्फ अवैध कॉलोनियों पर समय रहते नियंत्रण पाया जा सकेगा, बल्कि देहरादून शहर का विकास भी योजनाबद्ध और नियमों के अनुरूप किया जा सकेगा।

