उत्तराखंड के कैंची धाम मेले से पहले बवाल: ड्यूटी पर आए दो पुलिसकर्मियों पर युवतियों से छेड़छाड़ का आरोप, मुकदमा दर्ज………

नैनीताल: विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम के स्थापना दिवस समारोह से ठीक पहले एक विवादित घटना सामने आई है। कैंची धाम मेले की ड्यूटी पर आए दो पुलिसकर्मियों पर युवतियों से कथित छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार का आरोप लगा है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने पुलिस चौकी का घेराव कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद पुलिस ने दोनों जवानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

होमस्टे में ठहरे पुलिसकर्मियों पर लगे गंभीर आरोप
जानकारी के अनुसार 15 जून को आयोजित होने वाले कैंची धाम स्थापना दिवस समारोह के मद्देनजर नैनीताल पुलिस ने आसपास के जनपदों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया है। इन पुलिसकर्मियों के ठहरने की व्यवस्था स्थानीय लोगों द्वारा संचालित होमस्टे और गेस्ट हाउस में की गई थी।

आरोप है कि बीती रात उधम सिंह नगर से आए दो पुलिस जवानों ने कथित रूप से शराब का सेवन किया और रात करीब 10 बजे उसी परिसर में मौजूद दो युवतियों के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ की। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, व्यापारी और अन्य लोग मौके पर एकत्र हो गए।

स्थानीय लोगों ने किया चौकी का घेराव
घटना से नाराज लोगों ने पुलिस चौकी पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना था कि धार्मिक आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था के लिए आए पुलिसकर्मियों द्वारा इस तरह का व्यवहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है।

एल्को टेस्ट में हुई नशे की पुष्टि
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल ने बताया कि दोनों आरोपित पुलिसकर्मियों का एल्कोमीटर टेस्ट कराया गया, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई है। इसके बाद दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद कैंची धाम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी गई है।

गौरतलब है कि 15 जून को आयोजित होने वाले कैंची धाम स्थापना दिवस में देश-विदेश से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसके चलते प्रशासन पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट मोड में है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *