कल पांचवें चरण की 15 हाई-प्रोफाइल सीटें पर मतदान: राहुल गांधी और उमर अब्दुल्ला समेत इन दिग्गजों की अग्निपरीक्षा, दांव पर लगी छह केंद्रीय मंत्रियों की प्रतिष्ठा…….

देहरादून: पांचवें चरण का चुनाव आठ राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में होगा। 20 मई को कुल 49 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। 695 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। रायबरेली में राहुल गांधी की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। इसी चरण में राजनाथ सिंह और स्मृति ईरानी समेत छह केंद्रीय मंत्रियों के किस्मत का भी फैसला होगा।

बिहार में पूर्व मुख्यमंत्री की बेटी और महाराष्ट्र में मौजूदा सीएम के बेटे की साख भी दांव पर लगी है। पश्चिम बंगाल में दो अभिनेत्रियां आमने-सामने हैं। बारामूला लोकसभा सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री के भाग्य का फैसला जनता करेगी।

आइए नजर डालते हैं पांचवें चरण की उन 15 हाई-प्रोफाइल लोकसभा सीटों पर जिन पर पूरे देश की निगाहें हैं।

लखनऊ : राजनाथ के खिलाफ सपा ने रविदास मेहरोत्रा को उतारा
उत्तर प्रदेश की लखनऊ लोकसभा सीट को भाजपा का गढ़ माना जाता है। यहां से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लगातार दो बार चुनाव जीत चुके हैं और तीसरी बार हैट्रिक की उम्मीद से मैदान में हैं। बसपा ने मोहम्मद सरवर मलिक और सपा ने रविदास मेहरोत्रा को टिकट दिया है। दो निर्दलीय समेत कुल 10 प्रत्याशी लखनऊ के चुनावी मुकाबले में उतरे हैं।

रायबरेली : अपने गढ़ में राहुल गांधी की परीक्षा
उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट की चर्चा पूरे देश में हैं। अमेठी और वायनाड के बाद अब राहुल गांधी पहली बार रायबरेली के रण में उतरे हैं। रायबरेली को गांधी परिवार का गढ़ माना जाता है। 2004 से सोनिया गांधी यहां से सांसद हैं। राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा ने योगी सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को उतारा है। बसपा की टिकट पर ठाकुर प्रसाद यादव भी चुनावी मुकाबले में हैं। एक निर्दलीय समेत कुल आठ प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

अमेठी : स्मृति ईरानी के सामने केएल शर्मा की चुनौती
अमेठी लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी तीसरी बार चुनाव मैदान में हैं। 2014 में स्मृति ईरानी यहां से अपना पहला चुनाव हार गई थीं। 2019 में उन्होंने बड़ा उलटफेर किया और राहुल गांधी को पटखनी दी। अब तीसरी बार मैदान में हैं। कांग्रेस ने स्मृति ईरानी के सामने गांधी परिवार के वफादार केएल शर्मा को टिकट दिया है। बसपा से नन्हे सिंह चौहान चुनाव लड़ रहे हैं। पांच निर्दलीय समेत कुल 13 प्रत्याशी उतरे हैं।

मुंबई उत्तर : पीयूष गोयल का भूषण पाटिल से मुकाबला
मुंबई उत्तर लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल चुनाव लड़ रहे हैं। गोयल के सामने कांग्रेस की टिकट पर भूषण पाटिल और बसपा से रईस डॉक्टर मैदान में हैं। सात निर्दलीय समेत कुल 19 प्रत्याशी यहां चुनावी मुकाबले में हैं।

मोहनलालगंज : केंद्रीय मंत्री के खिलाफ 10 प्रत्याशी मैदान में
उत्तर प्रदेश की मोहनलालगंज सीट पर केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर की प्रतिष्ठा लगी है। कौशल किशोर 2014 से लगातार सांसद हैं। समाजवादी पार्टी ने आरके चौधरी को उतारा है। बसपा की टिकट पर राजेश कुमार उर्फ मनोज प्रधान चुनाव लड़ रहे हैं। चार निर्दलीय समेत कुल 11 प्रत्याशी मैदान में हैं।

डिंडोरी : यहां चुनाव मैदान में केंद्रीय मंत्री
महाराष्ट्र की डिंडोरी लोकसभा सीट पर केंद्रीय मंत्री डॉ. भारती प्रवीण पवार की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। एनसीपी (शरदचंद्र पवार) ने भास्कर मुरलीधर भगारे को उतारा है। बसपा ने तुलशीराम चिमन खोतारे को टिकट दिया है। वहीं वंचित बहुजन आघाड़ी ने धोमसे मालती राहुल पर भरोसा जताया है। तीन निर्दलीय समेत कुल 10 प्रत्याशी मैदान में हैं।

फतेहपुर : तीसरी बार साध्वी मैदान में
यूपी की फतेहपुर लोकसभा सीट पर भी सबकी नजरे हैं। यहां से केंद्रीय मंत्री निरंजन ज्योति तीसरी बार चुनाव मैदान में हैं। उनके खिलाफ सपा ने पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल को उतारा है। बसपा ने मनीष कुमार सचान को टिकट दिया है। यहां चार निर्दलीय समेत कुल 14 प्रत्याशी मैदान में हैं।

बारामूला : दांव पर उमर अब्दुल्ला की साख
जम्मू-कश्मीर की बारामूला लोकसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला चुनाव मैदान में हैं। पैंथर पार्टी ने पीरजादा मुदासिर रशीद शाह को टिकट दिया है। पीडीपी से मीर मोहम्मद फयाज चुनाव लड़ रहे हैं। जम्मू एण्ड कश्मीर पीपुल्स कॉन्फ्रेंस से सजाद गनी लोन चुनाव लड़ रहे हैं। 14 निर्दलीय समेत कुल 22 प्रत्याशी मैदान में हैं।

सारण : रूडी के सामने रोहिणी की चुनौती
बिहार की सारण लोकसभा सीट पर मुकाबला दिलचस्प है। यहां से भाजपा की टिकट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी मैदान में हैं। उनके सामने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। राजीव प्रताप रूडी लगातार दो बार यहां से चुनाव जीत चुके हैं। रोहिणी आचार्य के सामने विरासत बचाने की चुनौती है। बसपा ने अविनाश कुमार को टिकट दिया है। छह निर्दलीय समेत कुल 14 प्रत्याशी मैदान में हैं।

हाजीपुर : पिता के गढ़ में चिराग की अग्निपरीक्षा
बिहार की हाजीपुर लोकसभा सीट पर लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान के सामने विरासत बचाने की चुनौती हैं। मौजूदा समय में उनके चाचा पशुपति पारस यहां से सांसद हैं। वहीं दिवंगत राम विलास पासवान यहां से आठ बार लोकसभा का चुनाव जीते थे। चिराग के सामने राजद ने शिवचंद्र राम और बसपा ने शशि स्वराज को उतारा है। यहां छह निर्दलीय समेत कुल 14 प्रत्याशी चुनावी मुकाबले में हैं।

कैसरगंज : रहेगा या खत्म होगा ब्रजभूषण का दबदबा?
ब्रजभूषण शरण सिंह की वजह से उत्तर प्रदेश की कैसरगंज लोकसभा सीट की पूरे देश में चर्चा है। हालांकि भाजपा ने इस बार उनके बेटे करण भूषण सिंह को टिकट दिया है। सपा ने करण के खिलाफ भगत राम और बसपा ने नरेंद्र पांडेय को टिकट दिया है। एक निर्दलीय समेत कुल चार प्रत्याशी मैदान में हैं।

कल्याण : क्या हैट्रिक लगा पाएंगे सीएम के बेटे?
महाराष्ट्र की कल्याण लोकसभा सीट से मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत एकनाथ शिंदे तीसरी बार मैदान में हैं। उनके खिलाफ शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने वैशाली दारेकर राणे को उतारा है। बहुजन समाज पार्टी से प्रशांत रमेश इंगले मैदान में हैं। 15 निर्दलीय समेत कुल 28 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

हुगली : दो अभिनेत्रियां आमने-सामने
पश्चिम बंगाल की हुगली लोकसभा सीट पर दो अभिनेत्री आमने-सामने हैं। भाजपा की टिकट पर लाकेट चटर्जी और तृणमूल कांग्रेस ने अभिनेत्री रचना बनर्जी को टिकट दिया हैं। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) ने मनदीप घोष को उतारा है। बसपा की टिकट पर जमिनी भार चुनाव लड़ रहे हैं। पांच निर्दलीय समेत कुल 12 प्रत्याशी मैदान में हैं।

फैजाबाद : राम की नगरी में भाजपा की परीक्षा
राम मंदिर निर्माण के बाद से अयोध्या की चर्चा देश दुनिया में है। यही वजह है कि यहां की फैजाबाद लोकसभा सीट पर सबकी नजरे हैं। भाजपा की टिकट पर लल्लू सिंह मैदान में हैं। वे 2014 और 2019 में लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं। समाजवादी पार्टी ने अवेधश प्रसाद और बसपा ने सच्चिदानंद पांडेय को टिकट दिया है।

मुंबई उत्तर मध्य लोकसभा सीट
इस लोकसभा सीट पर भी सबकी निगाहें इस वजह से हैं कि भाजपा की टिकट पर देशभर के मशहूर वकील उज्जवल निकम चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। कांग्रेस से वर्षा गायकवाड़ मैदान में हैं। खास बात यह है कि एक्टर एजाज मोहम्मद खान भी निर्दलीय चुनाव मैदान में हैं। यहां 15 निर्दलीय समेत कुल 27 प्रत्याशी चुनावी मुकाबले में हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *