उत्तराखंड में 5 सालो में 61 प्रतिशत बढ़ी यशपाल आर्य की संपत्ति तो मदन कौशिक और स्वामी यतीश्वरानंद की संपत्ति में भी खासी बढ़ोतरी….

देहरादून : कांग्रेस नेता एवं पूर्व काबीना मंत्री यशपाल आर्य की पिछले पांच साल में करीब 61 फीसदी चल-अचल संपत्ति बढ़ी है। साल 2017 के चुनावों में जहां उनके पास कुल 9.57 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति थी। वहीं इस बार दिए शपथ पत्र में यशपाल की संपत्ति 15.49 करोड़ रुपये दर्शायी गई है। मंगलवार को कांग्रेस के टिकट पर पूर्व मंत्री यशपाल आर्य ने अपना नामांकन दाखिल किया।

निर्वाचन विभाग में दिए शपथ पत्र के मुताबिक, उनकी कुल चल-अचल संपत्ति 15.49 करोड़ रुपये दिखाई गई है। इसमें यशपाल आर्य के पास 11.15 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी है।

जबकि उनकी पत्नी पुष्पा आर्य के पास 4.34 करोड़ रुपये की संपत्ति है। ब्योरे के मुताबिक, यशपाल आर्य के पास 40 हजार रुपये नकद हैं। जबकि उनके खाते में 2,55,51,595 रुपये हैं। यशपाल आर्य के पास करीब सात तोला सोने के जेवर हैं। इनकी कीमत करीब 3,48,000 रुपये है। यशपाल आर्य ने 2017 के पिछले चुनावों में जब अपनी संपत्ति का ब्योरा दिया था तब उनके पास कुल 9.57 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति थी। इसमें यशपाल के पास 7.98 करोड़ रुपये जबकि उनकी पत्नी के नाम 1.59 करोड़ रुपये की संपत्ति दिखाई गई थी।

यशपाल आर्य की पत्नी पुष्पा आर्य के पास 132500 रुपये नकद हैं। जबकि बैंक खाते में 54.53 लाख रुपये जमा हैं। पुष्पा आर्य के पास करीब 16.32 लाख रुपये कीमत का 34 तोला सोना है। पत्नी के नाम छड़ायल सुयाल में 2.284 एकड़ भूमि है। इसकी वर्तमान कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये है।

मारुति 800 कार के मालिक हैं यशपाल
पूर्व मंत्री यशपाल आर्य ने दिए शपथ पत्र में कहा है कि उनके पास एक मारुति 800 कार है। इस कार की वर्तमान कीमत करीब 20,000 रुपये है। यशपाल आर्य के पास बोहराकोट और छड़ायल में 10.73 एकड़ कृषि भूमि भी है। इसकी वर्तमान बाजार कीमत करीब 4.70 करोड़ रुपये है

हरिद्वार नगर सीट से लगातार चार बार विधायक रहे मदन कौशिक की आय दस सालों में बढ़कर करोड़ों में पहुंच गई है। वर्ष 2012 में कौशिक परिवार की चल संपत्ति 20.23 लाख से बढ़कर वर्ष 2022 में 1.13 करोड़ पहुंच गई है। अचल संपत्ति की बाजारी कीमत शपथ पत्र में 4 करोड़ की दर्शाई गई है। वर्ष 2012 में कौशिक की अचल संपत्ति 77 लाख और 2017 में 1.55 करोड़ की थी।

वर्ष 2017 में देनदारी 13.62 से बढ़कर 2022 में 40.68 लाख पहुंच गई है। ज्वालापुर सीट से भाजपा प्रत्याशी सुरेश राठौर की 2017 में सकल आय 68.81 लाख और अचल संपत्ति अनुमानित बाजार कीमत 2 करोड़ से बढ़कर 2022 में सकल आय 1.11 करोड़ पहुंच गई है। जबकि अचल संपत्ति अनुमानित बाजार कीमत 2.61 करोड़ हो गई है। 2017 में देनदारी 37 लाख से घटकर 2022 में 15.88 लाख रह गई है।

रानीपुर सीट से लगातार दो बार जीतने के बाद तीसरी बार मैदान में उतरे आदेश चौहान की 2012 में सकल आय 29 लाख, अचल संपत्ति 47.34 लाख, देनदारी 95180, वर्ष 2017 में सकल आय बढ़कर 82.92 लाख, अचल संपत्ति 54.26 लाख और देनदारी 6.49 लाख थी। वर्ष 2022 में सकल आय 45.81 लाख, अचल संपत्ति 95.91 लाख और देनदारी 19.81 लाख दर्शाई गई है।

मंत्री यतीश्वरानंद की आय में खासी बढ़ोतरी
हरिद्वार ग्रामीण से लगातार दो बार चुनाव जीतते आ रहे भाजपा प्रत्याशी स्वामी यतीश्वरानंद की आय भी दस सालों में खासी बढ़ गई है। वर्ष 2012 में सकल आय 4.19 लाख, अचल संपत्ति 3 लाख बढ़कर वर्ष 2017 में सकल आय 22.20 लाख और अचल संपत्ति अनुमानित बाजार कीमत 33.80 लाख पहुंच गई थी। वर्ष 2022 में नामांकन पत्र के साथ दाखिल शपथ पत्र में सकल आय बढकर 71.73 लाख, अचल अनुमानित बाजार कीमत 79.80 और देनदारी 88,308 रुपये बताई गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *