उत्तराखंड में कांग्रेस की चुनावी तैयारी तेज, राहुल-प्रियंका व खरगे के दौरों से गर्माएगी सियासत………
देहरादून: उत्तराखंड में पिछले दो विधानसभा चुनाव से सत्ता से बाहर चल रही कांग्रेस अब आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी ताकत झोंकने जा रही है।
इस क्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जुलाई के देहरादून दौरे के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी समेत अन्य केंद्रीय नेता भी उत्तराखंड का दौरा करेंगे।
बैठक में रूप दिया जाएगा अंतिम
राष्ट्रीय और प्रांतीय नेताओं के कार्यक्रमों की रूपरेखा को 18 जुलाई को प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके साथ ही कांग्रेस की ओर से चलाई जा रही परिवर्तन संकल्प यात्रा को ब्लाक स्तर तक ले जाने की तैयारी है।
जाहिर है कि कांग्रेस अब राज्य में सियासी माहौल को गर्माने जा रही है। पार्टी ने जनता के बीच रखने के लिए मुद्दे भी लगभग तय कर दिए हैं। इस बीच राज्य के दौरे पर आए कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल ने पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं को साफ संदेश दिया कि वे पूरी एकजुटता के साथ जनता के बीच जाकर प्रदेश सरकार की नाकामियों को उजागर करें।
प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व भी बेहद गंभीरता से ले रहा है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पार्टी हाईकमान ने प्रदेश प्रभारी सैलजा को मोर्चे पर लगाया हुआ है।
हाल में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का भी अल्मोड़ा व पौड़ी का कार्यक्रम निर्धारित हुआ था, लेकिन तब मौसम उनकी राह में आड़े आ गया था। अब राहुल गांधी 17 अप्रैल को छात्रों की गूंज कार्यक्रम में छात्रों व युवाओं से संवाद करने देहरादून आ रहे हैं। वह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से भी विमर्श करेंगे।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल के दो दिवसीय देहरादून दौरे में तय किया गया कि राज्य में कांग्रेस अध्यक्ष खरगे, राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी समेत अन्य नेताओं के दौरे में पर्वतीय क्षेत्रों को महत्व दिया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस के नेता भी लगातार दौरे करेंगे।
एकजुटता से ही जीता जाएगा चुनाव
प्रदेश कांग्रेस के सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय महासचिव वेणुगोपाल ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों के साथ हुई बैठक में दो टूक संदेश दिया कि पार्टी में गुटबाजी के लिए कोई जगह नहीं है। सभी लोग एकजुट रहकर चुनावी रणनीति को धरातल पर उतारें। एकजुटता से ही चुनाव जीता जाएगा।
टिकट के लिए नहीं होगी टिक-टिक
कांग्रेस हाईकमान ने यह भी साफ कर दिया है कि विधानसभा चुनाव में केवल जिताऊ उम्मीदवारों पर ही दांव चला जाएगा। पार्टी हाईकमान सभावित दावेदारों के गुणदोष, क्षेत्र में सक्रियता समेत अन्य बिंदुओं का बारीकी से परीक्षण करने के बाद प्रत्याशी चयन पर मुहर लगाएगा।
घोषणा पत्र के लिए बनेगी युवा टीम
पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बेरोजगारी, पलायन, भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य, पेयजल, आधारभूत सुविधाएं जैसे मुद्दे तय किए हैं। राम मंदिर और बदरीनाथ धाम में चढ़ावा में हेराफेरी के विषय भी प्रमुखता से रखे जाएंगे। बताया गया कि घोषणा पत्र में इन्हें शामिल किया जाएगा। घोषणाा पत्र बनाने को जल्द ही युवा नेताओं की टीम गठित की जाएगी।

