उत्तराखंड में यहाँ LUCC जैसा ही एक और घोटाला, लोगों की करोड़ों की रकम फंसने की आशंका, मुकदमा दर्ज…….

हरिद्वार: कंपनी में पैसे इन्वेस्ट करने पर मोटे मुनाफे का लालच देकर लोगों से करोड़ों की ठगी के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है. बताया गया है कि लक्सर क्षेत्र के 250 से अधिक निवेशकों ने दस करोड़ से अधिक की रकम कंपनी में लगायी थी. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

लक्सर निवासी अधिवक्ता विकास कुमारने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उन्होंने देहरादून और लक्सर क्षेत्र में रहने वाले एजेंटों के कहने पर बॉट ब्रो नामक कंपनी के ऑनलाइन प्लेटफार्म पर 10 लाख का निवेश किया था। एजेंटों ने उन्हें छह से सात फीसदी तक हर महीने मुनाफे की रकम उनके खाते में आने का विश्वास दिलाया था।

उनकी तरह ही लक्सर निवासी 40 से अधिक लोगों ने भी कंपनी में 47 लाख से अधिक की रकम लगाई थी. इसके अलावा 250 से अधिक लोगों ने दस करोड़ से अधिक की रकम कंपनी में लगाई है. कुछ समय तक उनके खाते में हर महीने मुनाफे की रकम आती रही, लेकिन इसके बाद कंपनी उन्हें दूसरी वेबसाइट पर माइग्रेट करती रही, लेकिन इस दौरान उन्हें कोई मुनाफा नहीं दिया गया।

इस पर उन्होंने इन्वेस्ट की गई अपनी रकम वापस मांगी तो एजेंट अलग-अलग बहाने बनाकर उन्हें रकम जल्दी मुनाफे के साथ उनके खाते में वापस दिलाने का झांसा देते रहे, लेकिन महीनों का समय बीतने के बाद भी उनके खातों में उनकी इन्वेस्ट की गई रकम वापस नहीं आई।

इसके बाद जब उन्होंने एजेंटों से अपने पैसे वापस कराने कहा तो उन्होंने अभद्रता करते हुए पैसे वापस करने से इनकार कर दिया. अब आरोपित उनका फोन भी नहीं उठा रहे हैं. पीड़ित का आरोप है कि लविश चौधरी उर्फ नवाब अली, साजिद चौधरी, राशिद चौधरी, एजेंट राजकुमार, डॉ. हरिशंकर, नवीन नेगी, अनिल परदेशी, जगपाल व लक्सर निवासी दूसरे एजेंटों ने उनकी लाखों की रकम इन्वेस्ट कराने के नाम पर ठग ली।

एसएसआई नितिन चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले में जांच की जा रही है।

बता दें, निवेश के नाम पर ठगी के मामले के तार उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर से लेकर दुबई तक जुड़े बताये जा रहे हैं. बताया गया है कि उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद निवासी कंपनी के सरगना ने दुबई में बैठकर एजेंटो के माध्यम से उत्तराखंड ही नहीं उत्तर प्रदेश, गुजरात, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल सहित कई राज्यों के लोगों को करोड़ों कमाने के सपने दिखाए। लक्सर क्षेत्र के ही 250 से अधिक निवेशकों की दस करोड़ से अधिक की रकम फंसी होने का अनुमान है. पुलिस द्वारा की जा रही मामले की जांच के बाद ही सही जानकारी सामने आ सकेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *