उत्तराखंड की राजधानी में स्कॉर्पियो के सीक्रेट केबिन से ₹1.55 करोड़ बरामद। हिरासत में गुजरात के 3 लोग……..

देहरादून: राजधानी में वाहन चेकिंग अभियान के दौरान कैंट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो वाहन से करीब 1 करोड़ 55 लाख रुपये की नकदी बरामद की है।

हैरानी की बात यह रही कि इतनी बड़ी रकम को वाहन में बनाए गए सीक्रेट केबिन में छिपाकर रखा गया था। मामले में आयकर विभाग (Income Tax Department) की टीम जांच में जुट गई है और पुलिस ने वाहन को सीज कर दिया है।

कैंट पुलिस की चेकिंग में खुला बड़ा राज
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को देहरादून कैंट पुलिस द्वारा राजेंद्र नगर कौलागढ़ क्षेत्र में सिरमौर मार्ग पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान महाराष्ट्र नंबर की एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर जांच की गई।

वाहन में सवार लोगों से पूछताछ करने पर चालक ने अपना नाम सतीश भाई निवासी मेहसाणा, गुजरात बताया। उसके साथ मौजूद दो अन्य व्यक्तियों ने अपनी पहचान ठाकुर जसवंत संघ बनाजी निवासी पाटन, गुजरात और सचिन पटेल निवासी विसनगर, गुजरात के रूप में दी।

दस्तावेज मांगने पर घबराया चालक
पुलिस के अनुसार जब वाहन चालक से गाड़ी के दस्तावेज मांगे गए तो वह गोलमोल जवाब देने लगा। इससे पुलिस को शक हुआ और सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान चालक ने वाहन में भारी मात्रा में नकदी होने की बात कबूल की।

उसने बताया कि गाड़ी की बीच और पिछली सीट के बीच एक सीक्रेट केबिन बनाया गया है, जिसमें कैश छिपाकर रखा गया है।

सीक्रेट केबिन से निकले ₹1.55 करोड़
सूचना मिलते ही मौके पर आयकर विभाग की टीम को बुलाया गया। अधिकारियों की मौजूदगी में जब स्कॉर्पियो की तलाशी ली गई तो सीक्रेट केबिन से करीब 1 करोड़ 55 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई।

बरामद रकम के संबंध में वाहन सवार कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस और आयकर विभाग ने धनराशि को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

बनारस से लाई गई थी रकम
प्रारंभिक पूछताछ में वाहन चालक ने बताया कि यह नकदी बनारस से लाई गई थी और उसे वाहन में बैठे जसवंत को सौंपा जाना था। हालांकि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसका इस्तेमाल किस काम में होना था, इसकी जांच अब आयकर विभाग द्वारा की जा रही है।

आयकर विभाग करेगा आगे की कार्रवाई।
सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने बताया कि बरामद धनराशि के मामले में आयकर विभाग की टीम ने तीनों व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए हैं। साथ ही कैश के स्रोत और उसके इस्तेमाल को लेकर विस्तृत जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि पूरे मामले में आगे की कार्रवाई आयकर विभाग द्वारा की जाएगी, जबकि पुलिस ने संबंधित स्कॉर्पियो वाहन को सीज कर दिया है।

Parv

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *