उत्तराखंड में लोकथात महोत्सव में CM धामी का पुष्पवर्षा से भव्य स्वागत, सीएम धामी की बड़ी घोषणाएं योजनाएं………
लालकुआं: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को बिंदुखत्ता पहुंचे और संजय नगर-1 स्थित सरस्वती शिशु मंदिर मैदान में आयोजित लोकथात संस्कृति महोत्सव में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने महोत्सव में शामिल होकर क्षेत्रवासियों का अभिवादन स्वीकार किया।
जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति, बिंदुखत्ता की ओर से आयोजित यह महोत्सव अमर लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृति को समर्पित है। उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और लोकसंगीत की विरासत को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस महोत्सव में मुख्यमंत्री के पहुंचते ही आयोजन स्थल पर उत्साह का माहौल बन गया। उन्होंने उपस्थित लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में सहभागिता की।
बिन्दुखत्ता में आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव का समापन लोकसंस्कृति के संरक्षण और क्षेत्र के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाओं के साथ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति, बिन्दुखत्ता की ओर से आयोजित महोत्सव के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने महान लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी स्मृति में उनके पैतृक गांव में स्कूल, स्टेडियम सहित प्रस्तावित सभी कार्य कराने की घोषणा की। साथ ही बिन्दुखत्ता में कम से कम एक हजार लोगों के बैठने की क्षमता वाले भव्य सांस्कृतिक हॉल का निर्माण कराने का भी ऐलान किया।
मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने आयोजनकर्ता जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति और क्षेत्रवासियों को तीन दिवसीय महोत्सव के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिन्दुखत्ता की सांस्कृतिक पहचान और लोकपरंपराओं को आगे बढ़ाने में इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रहलाद दा केवल लोकगायक नहीं थे, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ के कठिन जनजीवन, सामाजिक परिस्थितियों और आम लोगों की भावनाओं का जीवंत चित्रण मिलता है। ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ जैसे गीत के माध्यम से उन्होंने बेटियों के सम्मान और उनके जीवन के अधिकार का संदेश दिया, जबकि ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ जैसे गीत में अपनी जन्मभूमि और गांव से जुड़े रहने की भावना को अभिव्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि प्रहलाद दा के गीतों में पहाड़ की महिलाओं का संघर्ष, युवाओं की पीड़ा और समाज को जागरूक करने वाली चेतना दिखाई देती है। किसी कलाकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यही होती है कि उसके जाने के बाद भी उसकी कला और विचार लोगों के बीच जीवित रहें। प्रहलाद सिंह मेहरा ने अपने लोकगीतों के माध्यम से यह उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री ने उनके परिवार, विशेषकर उनके सुपुत्रों और प्रशंसकों की भी सराहना की, जो उनकी स्मृतियों को जीवंत रखने के साथ लोकसंस्कृति को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने लोकथात शब्द की व्याख्या करते हुए कहा कि लोक का अर्थ जनता और थात का अर्थ हमारी विरासत एवं धरोहर है। तीन दिवसीय महोत्सव का उद्देश्य लोकभाषा, लोककला, लोकसंगीत और पारंपरिक रीति-रिवाजों को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जो समाज अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजकर रखता है, उसकी जड़ें हमेशा मजबूत रहती हैं। उत्तराखंड की असली पहचान यहां की प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ लोकसंस्कृति, लोकभाषाओं और परंपराओं में भी बसती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकास भी और विरासत भी के मंत्र पर काम कर रही है। एक ओर सड़कों, रेल और हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। केदारनाथ और बदरीनाथ की तर्ज पर मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत ऐतिहासिक एवं पौराणिक मंदिरों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है।
बिन्दुखत्ता में 1000 लोगों की क्षमता वाला बनेगा सांस्कृतिक हॉल
मुख्यमंत्री ने बिन्दुखत्ता के विकास और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए दो महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में स्कूल, स्टेडियम सहित जिन दो-तीन कार्यों की मांग रखी गई है, उन सभी कार्यों को कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त बिन्दुखत्ता में कम से कम एक हजार लोगों के बैठने की क्षमता वाले बड़े सांस्कृतिक हॉल का निर्माण किया जाएगा, ताकि क्षेत्र में होने वाले बड़े सांस्कृतिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके।
लालकुआं क्षेत्र में विकास कार्यों का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सात करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पुल का निर्माण पूरा किया गया है। शेरनाला पर लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनकर तैयार हो चुका है, जबकि विजयपुर गौला पार में करीब चार करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। सूर्यानाला और लालकुआं नगर की रेलवे क्रॉसिंग पर पुल निर्माण की दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि बिन्दुखत्ता में करीब 15 वर्षों से विद्युतीकरण पर लगी रोक हटने के बाद लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से विद्युतीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इसके तहत नए बिजली के पोल, ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइनें बिछाई जा रही हैं। लालकुआं क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए करीब 14 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। हल्दूचौड़ स्थित राजकीय महाविद्यालय को पीजी कॉलेज बनाया गया है। गौला और नंधौर नदियों से होने वाले कटाव को रोकने के लिए बाढ़ सुरक्षा योजनाओं तथा जंगल से सटे इलाकों में जंगली जानवरों से बचाव के लिए सौर ऊर्जा संचालित तारबाड़ लगाने का कार्य भी किया जा रहा है।
बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने पर चल रही कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की वर्षों पुरानी मांग का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही अपेक्षा है। राज्य सरकार इस दिशा में ठोस प्रशासनिक कार्रवाई कर रही है और भारत सरकार के साथ लगातार संवाद स्थापित किया गया है। इस अवसर पर उन्होंने वनाधिकार समिति, बिन्दुखत्ता के प्रतिनिधियों के साथ भी राजस्व ग्राम के विषय पर विस्तार से चर्चा की और इस दिशा में ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का अर्थ केवल नई परियोजनाएं बनाना नहीं, बल्कि वर्षों से चली आ रही समस्याओं का समाधान करना भी है। सरकार समस्याओं को टालने के बजाय उनके समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उनका विकल्प रहित संकल्प है कि लालकुआं विधानसभा क्षेत्र सहित प्रदेश का कोई भी इलाका मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहे और उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो।

लोक कलाकारों और हास्य कलाकारों को किया सम्मानित
महोत्सव के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री ने लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान और जीवन सिंह दानु को सम्मानित किया। तीन दिवसीय आयोजन के दौरान लोकगीतों, पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और लोककलाओं के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, पूर्व विधायक नवीन चंद्र दुम्का , भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कौरंगा, शोएब अहमद, डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष रविंद्र रेकुनी, मंडल अध्यक्ष नवीन पपोला, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, लोक कलाकार कमल मेहरा , नवीन कार्की , मनोहर मेहरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

