उत्तराखंड के सीएम धामी कल कुमाऊं दौरे पर, बिंदुखत्ता और बनबसा में इन कार्यक्रमों में करेंगे प्रतिभाग………..
चम्पावत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को कुमाऊं दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह नैनीताल जिले के लालकुआं स्थित बिंदुखत्ता में आयोजित लोकथात संस्कृति महोत्सव में शामिल होंगे। इसके बाद चम्पावत जिले के बनबसा पहुंचकर विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। स्थानीयपरमिट लें
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मुख्यमंत्री के नैनीताल जिले के भ्रमण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री दोपहर 12:45 बजे हेलीकॉप्टर से श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) स्थित एनआईटी हेलीपैड से प्रस्थान करेंगे। दोपहर 1:30 बजे उनका हेलीकॉप्टर लालकुआं के संजय नगर स्थित आदर्श इंटर कॉलेज मैदान में उतरेगा। यहां से मुख्यमंत्री कार द्वारा रवाना होकर दोपहर 1:45 बजे बिंदुखत्ता के संजय नगर-1 स्थित सरस्वती शिशु मंदिर मैदान पहुंचेंगे। यहां वह लोकथात संस्कृति महोत्सव में प्रतिभाग करेंगे।
बिंदुखत्ता में कार्यक्रम संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री अपराह्न 2:45 बजे सरस्वती शिशु मंदिर मैदान से रवाना होकर 2:55 बजे आदर्श इंटर कॉलेज मैदान पहुंचेंगे। यहां से अपराह्न 3:05 बजे हेलीकॉप्टर से बनबसा के लिए रवाना होंगे।
चम्पावत के जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री अपराह्न 3:20 बजे बनबसा स्टेडियम हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद 3:30 बजे कार से रवाना होकर 3:40 बजे डेविड पेंटर स्कूल, गुदमी पहुंचेंगे। यहां आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जिले की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम 4:40 बजे डेविड पेंटर स्कूल, गुदमी से कार द्वारा खटीमा, जनपद ऊधमसिंह नगर के लिए प्रस्थान करेंगे।

