उत्तराखंड में यहाँ छठ पूजा पर 15-16 नवंबर को रूट डायवर्जन, देखें पूरा ट्रैफिक प्लान…….
हल्द्वानी: छठ पूजा कार्यक्रम-2026 के मद्देनजर हल्द्वानी शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान जारी किया है। छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही और भीड़ को देखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का रूट बदला गया है। यह व्यवस्था 15 नवंबर की दोपहर 2 बजे से रात 11 बजे तक और 16 नवंबर की सुबह 4 बजे से 10 बजे तक प्रभावी रहेगी।
पुलिस के अनुसार, रामपुर रोड से हल्द्वानी शहर की ओर आने वाले दोपहिया, चौपहिया वाहनों के साथ रोडवेज और निजी बसों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। गन्ना सेंटर तिराहे से वाहनों को डायवर्ट कर गौरापड़ाव और तीनपानी होते हुए गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। पंचायतघर तिराहे से आने वाले वाहन आनंदपुर तिराहा, आरटीओ रोड, चड़ायल चौराहा, सेंट्रल अस्पताल तिराहा और लालडांठ तिराहे से होकर जाएंगे।
इसी तरह शीतल होटल तिराहे से वाहनों को तीनपानी तिराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। टीपी नगर तिराहे से आने वाले वाहन सतवाल पेट्रोल पंप तिराहा और होंडा शोरूम तिराहे से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
रामपुर रोड जाने वाले वाहनों के लिए भी बदला रूट
हल्द्वानी शहर से रामपुर रोड की ओर जाने वाले दोपहिया, चौपहिया वाहनों, रोडवेज और निजी बसों को सिंधी चौराहे से डायवर्ट कर मंगलपड़ाव, गांधी इंटर कॉलेज तिराहा और होंडा शोरूम तिराहे से भेजा जाएगा। अन्य वाहनों को एफटीआई तिराहे से डायवर्ट कर गांधी इंटर कॉलेज तिराहे की ओर भेजा जाएगा।
वहीं, पीलीकोठी तिराहा, मुखानी चौराहा और जेल रोड तिराहे से आईटीआई तिराहे होते हुए सुशीला तिवारी अस्पताल की ओर जाने वाले वाहनों को जी मॉल से रणवीर गार्डन और देवलचौड़ तिराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दूध, तेल, गैस और सब्जी जैसी आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन भी आवागमन के दौरान निर्धारित बाईपास मार्गों का ही इस्तेमाल करेंगे। टीपी नगर तिराहे से एफटीआई तिराहे के बीच किसी भी वाहन को आने-जाने की अनुमति नहीं होगी।
छठ महापर्व का चार दिवसीय कार्यक्रम
छठ पूजा का चार दिवसीय महापर्व 13 नवंबर से शुरू हो चुका है। 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ पर्व की शुरुआत हुई। 14 नवंबर यानी शनिवार को खरना का आयोजन किया जा रहा है। इस दिन व्रती दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करते हैं। 15 नवंबर रविवार को छठ महापर्व का मुख्य आयोजन होगा। इस दिन व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। वहीं, 16 नवंबर सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ व्रत का पारण किया जाएगा।

