एक पराठे में मिलेंगे 4 अलग-अलग स्वाद, 4 इन वन पराठा बनाना है बहुत आसान, जानिए रेसिपी………

देहरादून: अगर आप एक ही पराठे में कई तरह के जायके का स्वाद लेना चाहते हैं, तो ‘4 इन 1 पराठा’ आपकी पहली पसंद बन सकता है। नेहा और अंशु कुमारी द्वारा बताई गई आसान रेसिपी नाश्ते को और भी मजेदार बना देगी। आलू, पनीर, प्याज और चटपटे मसालों से तैयार यह पराठा न सिर्फ बनाने में बेहद सरल है, बल्कि बच्चों के टिफिन से लेकर सुबह के नाश्ते के लिए भी परफेक्ट विकल्प है।

नाश्ते में अक्सर कुछ नया और स्वादिष्ट खाने की चाहत सभी की होती है, लेकिन अलग-अलग पराठे बनाने में समय और मेहनत दोनों ज्यादा लगती है। इसी समस्या का बेहतरीन समाधान लेकर आई हैं नेहा और अंशु कुमारी, जिन्होंने एक ही पराठे में 4 अलग-अलग स्वादों का मजेदार कॉम्बिनेशन तैयार करने की आसान रेसिपी साझा की है।

‘4 इन 1 पराठा’ की खास बात है कि इसे एक ही आटे की लोई में 4 हिस्सों में कट लगाकर तैयार किया जाता है, जिसमें आलू का चटका, पनीर का सॉफ्ट टेक्सचर, प्याज का क्रंच और देसी मसालों की महक एक साथ मिलती है। मिनटों में बनने वाला लेयर्ड पराठा देखने में जितना अट्रैक्टिव लगता है, खाने में उतना ही लाजवाब है।

4-इन-1 पराठा क्या है?
यह साधारण पराठों से काफी अलग और खास होता है। इसमें रोटी के एक बड़े गोले को बेलकर उसके चार अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग तरह की स्टफिंग रखी जाती है। फोल्ड करने के बाद जब इसे सेका जाता है, तो इसकी हर परत में अलग स्वाद का मज़ा मिलता है।

जरूरी सामग्री और तैयारी-
आटा: सामान्य रोटी का गुथा हुआ आटा।
स्टफिंग 1: मैश किया हुआ चटपटा आलू का मिश्रण।
स्टफिंग 2: पिसा/घिसा हुआ पनीर।
स्टफिंग 3: बारीक कटा प्याज और कटी हरी मिर्च।
स्टफिंग 4: देसी घी, नमक और बेसिक मसाले (जैसे लाल मिर्च, गरम मसाला)।
गार्निशिंग के लिए: कलौंजी और बारीक कटा हरा धनिया।

रोटी बेलना और कट लगाना
सबसे पहले गूंथे हुए आटे की एक सामान्य लोई लें और उसे चपाती की तरह थोड़ा बड़ा और गोल बेल लें। इसके बाद चाकू की मदद से रोटी के सेंटर से किनारे तक केवल एक सीधा कट लगाएं। इस एक कट से रोटी 4 हिस्सों में बंटने के लिए तैयार हो जाती है

चार तरह की स्टफिंग भरना और फोल्ड करना
कट लगाने के बाद रोटी के चारों हिस्सों पर बारी-बारी से सामग्री फैलाएं:-

पहले हिस्से पर तैयार आलू का मिश्रण रखें।
दूसरे हिस्से पर थोड़ा घी, नमक और बेसिक मसाले फैलाएं।
तीसरे हिस्से पर घिसा हुआ पनीर रखें।
चौथे हिस्से पर कटा प्याज और हरी मिर्च डालें।
इसके बाद कट वाली साइड से शुरू करते हुए एक-एक करके चारों हिस्सों को ऊपर की तरफ तिकोने आकार में अच्छे से लपेटकर फोल्ड कर लें।

बेला और पकाना
फोल्ड किए हुए तिकोने पराठे के ऊपरी हिस्से पर थोड़ी कलौंजी और हरा धनिया लगाएं और बेलन से हल्के हाथों से बेल लें। अब तवे को गर्म करें और पराठे को दोनों तरफ से मध्यम आंच पर सेकें। थोड़ा देसी घी लगाकर 4 से 5 मिनट तक दोनों तरफ से हल्का सुनहरा और क्रिस्पी होने तक पकाएं।

परोसने का तरीका
जब पराठा अच्छे से सिक जाए तो इसे प्लेट में निकाल लें। इस गरमा-गरम मल्टी-लेयर 4-इन-1 पराठे को बूंदी के रायते और तीखी-मीठी टमाटर की चटनी के साथ सर्व करें। यह पराठा न सिर्फ देखने में अट्रैक्टिव लगता है, बल्कि खाने में भी बेहद स्वादिष्ट और पेट भरने वाला होता है!

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *