उत्तराखंड में 11 नवंबर तक शुष्क रहेगा मौसम, जानें पहाड़-मैदान का तापमान………

देहरादून: उत्तराखंड में फिलहाल पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम शुष्क और सामान्य बना हुआ है। सुबह और शाम हल्की ठंड का एहसास हो रहा है, जबकि दिन में चटख धूप निकलने से मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से जारी ताजा साप्ताहिक मौसम पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में 11 नवंबर तक मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने की संभावना है। इस दौरान किसी भी जिले में बारिश या बर्फबारी को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 4 से 11 नवंबर तक प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि पर्वतीय क्षेत्रों की घाटियों में हल्की धुंध छाई रह सकती है। सुबह और शाम ठंड का असर अधिक महसूस होगा, जबकि दिन के समय धूप के साथ कहीं-कहीं हल्के बादल दिखाई दे सकते हैं। फिलहाल मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।

पहाड़ और मैदान के तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं
मौसम विज्ञान केंद्र के साप्ताहिक आकलन के अनुसार अगले एक सप्ताह के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े परिवर्तन की संभावना नहीं है। करीब 2000 मीटर ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में साप्ताहिक औसत अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस और औसत न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री अधिक रहने की संभावना जताई गई है।

वहीं मैदानी क्षेत्रों में साप्ताहिक औसत अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस और औसत न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री अधिक रहने का अनुमान है।

केदारनाथ में बर्फबारी के बाद ठंड का असर बरकरार
उधर, केदारनाथ क्षेत्र में दो दिन पहले हुई बर्फबारी के बाद ठंड का असर बना हुआ है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ अब तक नहीं पिघली है, जिससे तापमान में गिरावट के साथ ठिठुरन बढ़ गई है। हालांकि प्रदेश के अन्य पर्वतीय और मैदानी इलाकों में फिलहाल मौसम सामान्य बना हुआ है।

कुल मिलाकर उत्तराखंड में अगले एक सप्ताह तक बारिश और बर्फबारी की गतिविधियों से राहत रहने का अनुमान है। 11 नवंबर तक प्रदेश में शुष्क मौसम के बीच सुबह-शाम ठंड और दिन में धूप का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *