गेहूं की रोटी छोड़ें, चावल के आटे और नारियल से बनाएं ये टेस्टी रोटी, रेसिपी है आसान………
देहरादून: अगर आप रोजाना गेहूं की रोटी खाकर बोर हो गए हैं और कुछ अलग खाना चाहते हैं तो केरल की मशहूर ओरोटी (Orotti) घर पर बना सकते हैं। यह रोटी खाने में काफी टेस्टी होती है और इसे बनाना भी बेहद आसान है। आज हम आपको ओरोटी बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे।
रोटी भारतीय खान-पान का अहम हिस्सा है और देश के हर राज्य में इसे अलग-अलग तरीके से बनाया जाता है। कहीं गेहूं की रोटी रोज खाई जाती है तो कहीं मक्के, बाजरे और ज्वार की रोटी पसंद की जाती है। वहीं, महाराष्ट्र और गुजरात में भाकरी भी खूब खाई जाती है। लेकिन क्या आपने कभी चावल के आटे और नारियल से बनी रोटी का स्वाद चखा है। इसे ओरोटी (Orotti) के नाम से जाना जाता है। यह दक्षिण भारत, खासकर केरल में बनाई जाने वाली एक खास तरह की रोटी है। इसे चावल के आटे और कद्दूकस किए हुए नारियल से तैयार किया जाता है।
इसका स्वाद आम रोटियों से थोड़ा अलग होता है। इसे नाश्ते में खाने के साथ-साथ मसालेदार सब्जी के साथ भी परोस सकते हैं। अगर आप रोज एक जैसी रोटी खाकर बोर हो गए हैं तो इस बार केरल स्टाइल ओरोटी ट्राई कर सकते हैं। आइए जानते हैं केरल स्टाइल ओरोटी बनाने कैसे बनती है और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है।
बनाने के लिए ये चाहिये सामग्री-
2 कप चावल का आटा
1/2 कप कद्दूकस किया हुआ नारियल
आटा गूंथने के लिए पानी
रोटी सेंकने के लिए तेल
नमक स्वादानुसार
ओरोटी घर पर बनाएं कैसे।
ओरोटी बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में पानी उबाल लें. पानी उबलने लगे तो गैस कम कर दें. अब इसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल और स्वादानुसार नमक डालकर मिला लें।
इसके बाद धीरे-धीरे चावल का आटा डालें और लगातार चलाते हुए अच्छी तरह मिलाएं, ताकि गांठें न पड़ें। जब मिश्रण गाढ़ा होने लगे तो गैस बंद कर दें और इसे थोड़ा ठंडा होने दें।
मिश्रण हल्का ठंडा हो जाए तो इसे हाथों से अच्छी तरह गूंथकर नरम आटा तैयार कर लें। अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें। प्रत्येक लोई को हाथों से दबाकर गोल और चपटी रोटी का आकार दें।
अब तवा गर्म करें और उस पर थोड़ा तेल लगाएं। तैयार रोटी को तवे पर डालकर दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंक लें। जब रोटी पक जाए और हल्की सुनहरी होने लगे तो इसे तवे से उतार लें।
इस तरह आपकी गरमा-गरम केरल स्टाइल ओरोटी तैयार है। इसे नारियल की चटनी, मसालेदार सब्जी, चिकन या मटन के साथ परोस सकते हैं।

