उत्तराखंड की राजधानी में कब शुरू होगा UPL का रोमांच, प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए खुलेगा IPL का रास्ता………

देहरादून: उत्तराखंड के क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांच का दौर एक बार फिर शुरू होने जा रहा है। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (यूपीएल) का तीसरा संस्करण आगामी 21 सितंबर से देहरादून के रायपुर स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शुरू होगा।

एक अक्टूबर तक चलने वाली इस टी-20 लीग में प्रदेश के पुरुष और महिला क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा। साथ ही यहां से आइपीएल के लिए भी खिलाड़ी अपना मार्ग प्रशस्त करने का प्रयास करेंगे।

क्रिकेट एसोसिएशन आफ उत्तराखंड (सीएयू) के तत्वावधान में होने वाली लीग में इस बार पुरुष वर्ग में सात और महिला वर्ग में चार टीमें मैदान में उतरेंगी। पुरुष वर्ग में देहरादून वारियर्स, यूएसएन इंडियंस, हरिद्वार एल्मास, टिहरी टाइटंस, ऋषिकेश रिवर किंग्स, पिथौरागढ़ हरिकेंस और नैनीताल टाइगर्स के बीच मुकाबले होंगे।

महिला वर्ग में मसूरी क्वींस, बागेश्वर एरियल, पिथौरागढ़ हरिकेंस और देहरादून वारियर्स खिताब के लिए जोर लगाएंगी। महिला प्रतियोगिता का आकर्षण चार आइकन खिलाड़ी प्रेम रावत, राघवी बिष्ट, नंदिनी कश्यप और श्वेता वर्मा होंगी।

इन अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी से युवा महिला क्रिकेटरों को सीखने और अपनी प्रतिभा साबित करने का बेहतर अवसर मिलेगा। सीएयू की सचिव किरण वर्मा ने कहा कि यूपीएल प्रदेश के क्रिकेटरों की प्रतिभा सामने लाने का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। पहले दो संस्करणों की सफलता से उत्साहित होकर इस बार लीग को और बेहतर बनाने का प्रयास किया गया है।

आइपीएल नीलामी से पहले खिलाड़ियों के पास बड़ा मंच
यूपीएल को इस बार इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसका आयोजन आइपीएल नीलामी चक्र से पहले हो रहा है। ऐसे में खिलाड़ियों के पास अपने टी-20 कौशल और प्रदर्शन से चयनकर्ताओं व फ्रेंचाइजी का ध्यान आकर्षित करने का महत्वपूर्ण अवसर रहेगा।

पिछले दो संस्करणों की सफलता के बाद आयोजकों को इस बार लीग के और व्यापक स्तर पर पहुंचने की उम्मीद है। यूपीएल के चेयरपर्सन सुनील जोशी ने कहा कि लीग का उद्देश्य उत्तराखंड के क्रिकेटरों को प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराना है।

वहीं, सीएयू के पूर्व सचिव एवं बीसीसीआइ के पूर्व उपाध्यक्ष महिम वर्मा ने कहा कि यूपीएल खिलाड़ियों को प्रदर्शन के साथ पहचान बनाने का अवसर देता है।

21 सितंबर से एक अक्टूबर तक मुकाबले
यूपीएल 2026 के सभी मुकाबले रायपुर स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। आयोजकों के अनुसार पहले दो संस्करणों को दर्शकों का अच्छा रिस्पांस मिला है।

लीग के आधिकारिक प्लेटफार्म के अनुसार पहले संस्करण की टीवी और डिजिटल पहुंच 2.1 करोड़ से अधिक रही थी। तीसरे संस्करण में पुरुषों के साथ महिला क्रिकेट को भी बराबर मंच देकर प्रदेश में क्रिकेट के समग्र विकास पर जोर दिया गया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *