उत्तराखंड में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में 2027 का रोडमैप, नितिन नवीन ने कांग्रेस पर साधा निशाना………..

हल्द्वानी: भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर संगठन और चुनावी रणनीति पर गहन मंथन हुआ। पार्टी ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के साथ विकास, राष्ट्रवाद, सुशासन, जनकल्याण और उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को प्रमुख मुद्दों के रूप में आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

2027 बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने तथा हल्द्वानी के रामलीला मैदान से जुड़े कथित शुद्धीकरण विवाद को लेकर दो राजनीतिक प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, प्रदेश सरकार के मंत्री, पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, महामंत्री और विभिन्न मोर्चों व प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने ध्वजारोहण किया।

2027 के चुनाव के लिए बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया।

नितिन नवीन ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण और दलितों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए ‘वंदे मातरम्’ के मुद्दे पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ स्वतंत्रता आंदोलन, बलिदान और राष्ट्रभक्ति की भावना से जुड़ा प्रतीक है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए युवाओं के रोजगार के साथ रोजगार देने की दिशा में आगे बढ़ने की बात कही। साथ ही बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और अन्य दलित नेताओं के सम्मान को लेकर केंद्र सरकार के कार्यों का उल्लेख किया।

उत्तराखंड के विकास कार्यों को चुनावी मुद्दों में शामिल करने पर जोर
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उत्तराखंड में सड़क, बिजली, पानी और संपर्क सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख किया। उन्होंने चारधाम सड़क परियोजना और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे समेत विभिन्न विकास कार्यों को भी बैठक में रेखांकित किया।
पार्टी की ओर से कहा गया कि केंद्र और राज्य सरकार की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए संगठन स्तर पर भी सक्रियता बढ़ाई जाएगी।

रामलीला मैदान विवाद पर कांग्रेस को घेरा
कार्यसमिति के दूसरे राजनीतिक प्रस्ताव में हल्द्वानी के रामलीला मैदान से जुड़े कथित शुद्धीकरण विवाद को लेकर कांग्रेस के रुख की आलोचना की गई। भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मामले को राजनीतिक रंग देकर सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है।

पार्टी ने सामाजिक समरसता बनाए रखने और जातिगत भेदभाव के खिलाफ अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

UCC और सख्त भू-कानून को उपलब्धियों के रूप में रखा
कार्यसमिति में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार की समान नागरिक संहिता (UCC), सख्त भू-कानून, अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई और कानून-व्यवस्था से जुड़े फैसलों को सरकार की उपलब्धियों के रूप में रखा गया।

बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाने तथा संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया गया। भाजपा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में 2027 में दोबारा सरकार बनाने का संकल्प लेते हुए चुनावी तैयारियों को तेज करने का संदेश दिया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *