आज बनाएं मूंग दाल पकोड़े की सब्जी, मूंग दाल के कुरकुरे पकोड़ों से बनाएं ढाबा स्टाइल मसालेदार करी, स्वाद ऐसा कि हर कोई मांगेगा एक्स्ट्रा रोटी, जानिए रेसिपी………
देहरादून: मूंग दाल पकोड़े की सब्जी स्वाद और पोषण का शानदार मेल है. दरदरे मूंग दाल पकोड़ों को मसालेदार ग्रेवी में पकाकर तैयार की गई यह डिश रोटी, पराठे या चावल के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है. आसान रेसिपी होने के कारण इसे घर पर आसानी से बनाया जा सकता है।
कई बार ऐसा होता है कि रोज-रोज की हरी सब्जियां खाकर मन ऊब जाता है और कुछ अलग, चटपटा और पेट भरने वाला खाने का मन करता है। ऐसे समय में मूंग दाल पकोड़े की सब्जी एक बेहतरीन विकल्प बन सकती है। यह रेसिपी स्वाद से भरपूर होने के साथ-साथ काफी पौष्टिक भी होती है। मूंग दाल में भरपूर प्रोटीन मौजूद होता है, जिससे यह डिश सिर्फ स्वाद ही नहीं बल्कि सेहत के लिए भी अच्छी मानी जाती है। इस सब्जी की खास बात यह है कि इसमें कुरकुरे पकोड़ों को मसालेदार ग्रेवी में पकाया जाता है, जिससे उनका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. जब पकोड़े ग्रेवी का रस अपने अंदर सोख लेते हैं, तब हर निवाला बेहद लाजवाब लगता है।
चाहे गर्मियों का मौसम हो या बारिश का, यह रेसिपी हर मौसम में खाने का मजा बढ़ा देती है, अगर आपके घर में कुछ नया बनाने की डिमांड हो रही है या आप साधारण खाने से हटकर कुछ खास बनाना चाहते हैं, तो मूंग दाल पकोड़े की सब्जी जरूर ट्राई करें। आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।

मूंग दाल पकोड़े की सब्जी बनाने के लिए सामग्री-
1. 1 कप मूंग दाल
2. 1-2 हरी मिर्च
3. 3-4 लहसुन की कलियां
4. ½ छोटा चम्मच नमक
5. ½ छोटा चम्मच अजवाइन
6. तलने के लिए सरसों का तेल
ग्रेवी के लिए ये है सामग्री-
1. 2-3 प्याज
2. 1 टमाटर
3. 3-4 लहसुन की कलियां
4. ½ छोटा चम्मच जीरा
5. एक चुटकी हींग
6. 1 तेजपत्ता
7. ½ छोटा चम्मच हल्दी
8. ½ छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च
9. ½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
10. 1-2 बड़े चम्मच धनिया पाउडर
11. स्वादानुसार नमक
12. एक चुटकी गरम मसाला
13. हरा धनिया
14. जरूरत के अनुसार पानी
पकोड़े बनाने की तैयारी
सबसे पहले मूंग दाल को रातभर पानी में भिगो दें, अगर समय कम हो तो गुनगुने पानी में 2 से 3 घंटे भी भिगो सकते हैं। दाल फूलने के बाद उसका पानी पूरी तरह निकाल दें। मिक्सी जार में दाल, हरी मिर्च और लहसुन डालकर बिना पानी के दरदरा पीस लें, अगर सिर्फ पकोड़े बनाने हैं तो दाल को थोड़ा महीन पीस सकते हैं, लेकिन सब्जी के लिए हल्की दरदरी दाल ज्यादा स्वाद देती है. अब इसमें नमक और हाथ से मसलकर अजवाइन मिलाएं। मिश्रण को 2 से 3 मिनट तक अच्छी तरह फेंटें ताकि वह हल्का और फूला हुआ बन जाए।

पकोड़े तलने का तरीका
कढ़ाई में सरसों का तेल गर्म करें। तेल गर्म होने पर दाल के मिश्रण से छोटे-छोटे पकोड़े डालें। मध्यम आंच पर इन्हें सुनहरा होने तक तलें। चूंकि इन पकोड़ों का इस्तेमाल ग्रेवी में किया जाएगा, इसलिए इन्हें थोड़ा ज्यादा सुनहरा तलना बेहतर रहता है. इससे ग्रेवी में डालने के बाद भी इनकी बनावट बनी रहती है। सारे पकोड़े तैयार करके एक तरफ रख दें।
मसालेदार ग्रेवी तैयार करें
प्याज, टमाटर और लहसुन को मिक्सी में पीसकर पेस्ट बना लें। अब कढ़ाई में थोड़ा तेल छोड़कर बाकी निकाल दें। गर्म तेल में जीरा, हींग और तेजपत्ता डालें। जब खुशबू आने लगे तो तैयार पेस्ट डाल दें। कुछ मिनट तक भूनने के बाद हल्दी, कश्मीरी लाल मिर्च, लाल मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर डालें। मसाले को तब तक भूनें जब तक तेल ऊपर दिखाई न देने लगे। इसके बाद थोड़ा पानी डालकर मसाले को दोबारा अच्छी तरह पकाएं। इससे ग्रेवी का स्वाद और भी बेहतर हो जाता है।
पकोड़े की सब्जी तैयार करने का लास्ट स्टेप
जब मसाला अच्छी तरह पक जाए तो अपनी पसंद के अनुसार पानी डालकर ग्रेवी तैयार करें। अब स्वादानुसार नमक मिलाएं और एक-दो उबाल आने दें। इसके बाद तले हुए पकोड़े ग्रेवी में डाल दें। ढक्कन लगाकर 2 से 3 मिनट पकाएं ताकि ग्रेवी का स्वाद पकोड़ों के अंदर तक पहुंच जाए। अंत में एक चुटकी गरम मसाला और बारीक कटा हरा धनिया डालें। आपकी स्वादिष्ट मूंग दाल पकोड़े की सब्जी तैयार है। इसे गर्मागर्म रोटी, पराठे या चावल के साथ परोसें और परिवार के साथ इसका आनंद लें।
मूंग दाल पकोड़े की सब्जी उन लोगों के लिए शानदार रेसिपी है जो स्वाद और सेहत दोनों को साथ लेकर चलना चाहते हैं। कम सामग्री में बनने वाली यह डिश रोजमर्रा के खाने में नया स्वाद जोड़ देती है। एक बार इसे बनाने के बाद यह आपके घर की पसंदीदा रेसिपी बन सकती है।

