अक्की रोटी खाई है कभी, टेस्टी और हेल्दी बनाने के लिए दक्षिण भारतीय मिलाते हैं ये चीजें……
देहरादून: दक्षिण भारतीय खासकर कर्नाटक के लोग एक खास तरह की रोटी खाते हैं, जिसे अक्की रोटी कहते हैं। इसमें ऐसी चीजें मिलाई जाती हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ ही हेल्दी भी होती हैं। यहां पर इसकी आसान रेसिपी साझा की गई है।
गेहूं की जगह बनाएं अक्की रोटी, काफी आसान है रेसिपी।
भारत में रोटी का सेवन लगभग हर घर में किया जाता है। जिन्हें गेहूं के आटे की रोटी पसंद नहीं है, वे किसी अन्य अनाज के आटे से बनी रोटी खाते हैं। खासकर उत्तर भारत में लोग रोटी को लंच से लेकर डिनर तक में नियमित रूप से खाते हैं। लेकिन लगातार एक ही स्वाद खाने से लोग इससे ऊब सकते हैं। ऐसे में कुछ नया और स्वादिष्ट के साथ ही हेल्दी विकल्प की तलाश करते हैं। अगर आप भी रोटी खाकर ऊब गए हैं, तो इसकी जगह आप ‘अक्की रोटी’ बना सकते हैं।
दरअसल, यह रोटी दक्षिण भारत में खासकर कर्नाटक में लोकप्रिय है। कन्नड़ में चावल को ‘अक्की’ कहते हैं। चावल के आटे से बनाई जाने वाली इस रोटी में प्याज, हरी मिर्च, धनिया और कद्दूकस की हुई गाजर या खीरे जैसी सब्जियां मिलाई जाती हैं। ये सब्जियां रोटी को नरम और पौष्टिक बनाती हैं। इसके आटे को हाथ से केले के पत्ते या बटर पेपर पर फैलाकर तवे पर पकाया जाता है। तैयार रोटी बाहर से क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट होती है। इसे नारियल की चटनी, मूंगफली की चटनी या किसी तीखी करी के साथ परोसा जा सकता है। इसे नाश्ते, लंच से लेकर डिनर तक में खाया जा सकता है। आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी क्या है।
अक्की रोटी बनाने की सामग्री (4-5 रोटियों के लिए)-
1 कप चावल का आटा
आधा कप बारीक कटा प्याज
2 हरी मिर्च, बारीक कटी हुई
2 चम्मच कद्दूकस किया हुआ नारियल (वैकल्पिक)
2 चम्मच कटा हुआ हरा धनिया
कुछ करी पत्ते, बारीक कटे हुए
आधा छोटा चम्मच जीरा
आधा कप कद्दूकस की हुई गाजर या खीरा (वैकल्पिक, नरम बनाने के लिए)
नमक स्वादानुसार
आटा गूंथने के लिए पानी
सेंकने के लिए तेल या घी
अक्की रोटी बनाने की आसान विधि-
1- सबसे पहले एक बाउल में चावल का आटा, प्याज, हरी मिर्च, कद्दूकस किया हुआ नारियल, सब्जियां, हरा धनिया, करी पत्ते और जीरा डालकर अच्छी तरह मिला लें।
2- इसमें स्वादानुसार नमक डालें और फिर मिक्स कर लें। अब धीरे-धीरे पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें।
3- केला का पत्ता, बटर पेपर या फिर साफ कपड़ा लें। इसे हल्का सा तेल या घी लगाकर चिकना करें और उस पर आटे का छोटा हिस्सा रख दें।
4- उंगलियों को पानी से गीला करें और आटे को धीरे-धीरे दबाते हुए पतली गोल रोटी का आकार दें।
5- अगर सीधे तवे पर बनाना चाहते हैं, तो ठंडे तवे को चिकना करें और उसी पर आटा फैलाकर रोटी का आकार दें।
6- तवा गर्म करें और रोटी को मध्यम आंच पर रखें। 2-3 मिनट तक पकाएं और किनारों पर थोड़ा तेल या घी डालें। रोटी को पलटकर दोनों तरफ से सुनहरा और हल्का क्रिस्पी होने तक सेंक लें।
7- तैयार गरम-गरम अक्की रोटी को नारियल की चटनी, मूंगफली की चटनी या किसी ग्रेवी वाली सब्जी के साथ परोसें।

