उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी के बाद मौसम हुआ शुष्क, आज फिर बदलेगा मिजाज; क्या है IMD का ताजा अपडेट…….
देहरादून: उत्तराखंड में रविवार को चोटियों पर हिमपात और निचले इलाकों में देर रात तक हुई जोरदार बारिश के बाद सोमवार को मौसम शुष्क हो गया। दिनभर ज्यादातर क्षेत्रों में तेज धूप खिली। हालांकि, वर्षा-बर्फबारी से सुबह-शाम ठंड लौट आई है। कुमाऊं में चोटियाें पर हल्के हिमपात का क्रम अब भी जारी है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज भी पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा और बर्फबारी हो सकती है। मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है। गुरुवार से फिर प्रदेश में वर्षा-बर्फबारी का दौर हो सकता है।
दिनभर मंडराते रहे बादल
वहीं, बीते रविवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में दिनभर बादल मंडराते रहे और शाम को चोटियों पर हिमपात के साथ ही निचले इलाकों में अंधड़ के साथ बौछारें पड़ीं। देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में देर रात तक जोरदार बारिश हुई। इस दौरान कोटेश्वर में सर्वाधिक 63 मिमी वर्षा दर्ज की गई। जबकि, देवप्रयाग में 40, देहरादून में 27, पिथौरागढ़ में 24 मिमी वर्षा हुई।
सुबह-शाम लौट आई ठिठुरन
इसके अलावा भी प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में पांच से 15 मिमी तक बारिश रिकार्ड की गई। जिससे न्यूनतम तापमान में गिरावट आई और पहाड़ से मैदान तक सुबह-शाम ठिठुरन लौट आई। इसके बाद सोमवार को सुबह से ही ज्यादातर क्षेत्रों में धूप खिली रही और दिनभर मौसम शुष्क बना रहा।
चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ
वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में दोपहर बाद आंशिक बादल मंडराने लगे और चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा व 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई पर हल्का हिमपात हो सकता है।
देहरादून में भी आंशिक बादल छाने के आसार हैं। आगामी गुरुवार से एक और ताजा पश्चिमी विक्षोभ उत्तराखंड में सक्रिय हो सकता है और वर्षा-बर्फबारी के आसार हैं।
शहर अधिकतम (°C) न्यूनतम (°C)
देहरादून 28.5 11.4
ऊधमसिंह नगर 30.6 13.6
मुक्तेश्वर 14.7 1.3
नई टिहरी 15.6 2.2

