उत्तराखंड की राजधानी में कांग्रेस भवन पर दिग्गजों ने मनाई होली, अबीर-गुलाल से सराबोर हुए नेता……..
देहरादून: कांग्रेस मुख्यालय में होली मिलन कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह एवं अन्य होली के गीतों पर झूमते हुए।
प्रदेश कांग्रेस भवन में शुक्रवार को होली का अबीर- गुलाल खूब उड़ा। प्रदेश कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने एक मंच पर आकर होल्यारों के गीतों पर जम कर ठुमके लगाए।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मंच पर माइक संभाल कर ‘मेरो कान्हा होली को खिलाइए’ गाना शुरू किया तो नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति अध्यक्ष डा. हरक सिंह रावत, पूर्व अध्यक्ष करन माहरा व प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने जम कर नृत्य किया।
मंच पर रंग उड़ाते और नाचते नेताओं के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी नृत्य किया। पौड़ी जिले के राठ क्षेत्र से आए होल्यारों ने होली कार्यक्रम को चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम में मशहूर लोक गायक विकास भारद्वाज ने ‘दैणा होयां खोली का गणेशा’ गाकर सभी का स्वागत किया। उत्तराखंड के अबू रावत लोक नृत्य ग्रुप ने गढ़वाली कुमाऊनी नृत्यों की प्रस्तुतियों से मन मोह लिया।
गणेश गोदियाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ राज्यवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। कहा कि होली के त्योहार की सबसे बड़ी खूबसूरती यह है कि जो हो ली सो होली, सारे पूर्वाग्रह समाप्त कर सारी कड़वाहट को भूलकर प्रेम और सौहार्द के साथ आगे बढ़ना है।
होली मिलन समारोह कार्यक्रम के संयोजक प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं का रंग लगाकर स्वागत किया। इस मौके पर विधायक, पूर्व विधायक मौजूद रहे।

