उत्तराखंड को मिलेगा नया उड़ान मार्ग, देहरादून और पिथौरागढ़ के बीच जल्द शुरू होगी हवाई सेवा………

देहरादून: उत्तराखंड में हवाई संपर्क और अधिक मजबूत होने जा रहा है। इस कड़ी में देहरादून से सीमांत पिथौरागढ़ हवाई सेवा शीघ्र प्रारंभ होगी। क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत इन दोनों जिलों के बीच उड़ान सेवा शीघ्र शुरू होने के संबंध में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर जानकारी दी है।

प्रदेश में हेली व हवाई सेवाओं का दायरा लगातार मजबूत किया जा रहा है। नए क्षेत्र हेली व हवाई सेवाओं से जुड़ रहे हैं। केंद्र इसमें राज्य सरकार को हर संभव सहायता दे रही है। मुख्यमंत्री धामी ने हाल ही में केंद्रीय मंत्री को पत्र लिखकर देहरादून-पिथौरागढ़ के बीच हवाई सेवाओं सुदृढ़ करने का अनुरोध किया था। इससे सीमांत जनपद पिथौरागढ़ हवाई संपर्क के माध्यम से सीधे देहरादून से जुड़ जाएगा। केंद्र ने इसकी स्वीकृति प्रदान कर दी है।

केंद्र ने यह बताया है कि इस मार्ग पर क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस) के तहत हवाई सेवा शुरू करने के लिए स्काईहाप एविएशन प्राइवेट लिमिटेड आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर रहा है। उड़ान प्रचालक प्रमाण पत्र प्राप्त करने और विमान अधिग्रहण करने सहित विनियामक और परिचालन संबंधी कार्य यह कंपनी कर रही है। औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद कंपनी इस रूट पर नियमित उड़ान शुरू करेगी। केंद्र सरकार अन्य विमानन कंपनियों से भी इस मार्ग पर सेवाएं शुरू करने के लिए संपर्क कर रही है।

‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार लगातार उत्तराखंड के विकास में सहयोग कर रही है। हवाई सेवाओं के सुदृढ़ होने से पिथौरागढ़ जैसे सीमांत क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।’ -पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड

देहरादून से इन शहरों को हैं उड़ान सेवाएं
अहमदाबाद, भुवनेश्वर, बेंगलुरु, मुंबई, कोलकाता, दिल्ली, शमशाबाद (तेलंगाना), जयपुर, लखनऊ, पूना, कुल्लू।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *